haribhoomi hindi news
नारायणपुर जिले में जवानों ने पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक बड़े डंप का भंडाफोड़ कर उसे नष्ट कर दिया।

इमरान खान- नारायणपुर। जिले के थाना ओरछा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोड़पार(गोमागल) के जंगल-पहाड़ी इलाके में 29वीं वाहिनी आईटीबीपी और जिला पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के एक बड़े डंप का भंडाफोड़ कर उसे नष्ट कर दिया। कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।

खुफिया सूचना पर संयुक्त अभियान पुलिस के अनुसार 14 फरवरी को विश्वसनीय सूचना प्राप्त होने के बाद कैंप धनौरा से संयुक्त टीम रवाना हुई। अभियान का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी दीपक सेमल्टी ने किया। टीम में आईटीबीपी, एसएटी तथा छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान शामिल थे। दुर्गम और घने जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी के दौरान छिपाकर रखे गए हथियारों के जखीरे का पता चला।

क्या-क्या बरामद हुआ
सुरक्षा बलों ने मौके से 12 बोर रायफलें, सिंगल शॉट रायफल, पुरानी भरमार बंदूकें, एलएमजी पैसिव नाइट साइट, विभिन्न बोर के कारतूस, बीजीएल सेल, इंसास एलएमजी और एसएलआर मैगजीन बरामद किए। इसके अतिरिक्त लगभग 30 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, सोल्डरिंग आयरन, वायर कटर, स्क्रूड्राइवर सेट सहित आईईडी निर्माण में उपयोगी उपकरण भी जब्त किए गए। 

संभावित बड़ी वारदात टली
अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री से संकेत मिलता है कि नक्सली संगठन क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित वारदात को टाल दिया गया है।

नक्सल उन्मूलन अभियान को बल
विशेषज्ञों के अनुसार जंगल क्षेत्रों में बनाए गए ऐसे डंप नक्सली संगठनों की लॉजिस्टिक रीढ़ माने जाते हैं। इनके ध्वस्तीकरण से संगठन की परिचालन क्षमता प्रभावित होती है।

पुलिस ने आम नागरिकों से की अपील 
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साझा करें। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी रखने की बात कही है।यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है और क्षेत्र में शांति एवं विकास के प्रयासों को मजबूती मिल रही हैं।

7