रतलाम। नगर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। पूरे शहर में सुबह से ही शिवभक्ति का वातावरण बना है। विशेष आकर्षण का केंद्र अति प्राचीन श्री गढ़कैलाश महादेव मंदिर रहा, जहां भगवान शिव का 11 लाख रुपए के नोटों से भव्य श्रृंगार किया गया। अमृतसागर तालाब के किनारे स्थित इस मंदिर में लगातार दूसरी बार नोटों से सजावट की गई है। इसके साथ ही सिक्कों से नारियल बनाकर तोरण द्वार को भी आकर्षक रूप दिया गया है।
भक्तों में वितरित की गई 50 क्विंटल लस्सी
यहां दर्शन के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं और यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। 50 क्विंटल लस्सी की प्रसादी भक्तों में वितरित की गई। इसी प्रकार मां कालिका माता मंदिर सांस्कृतिक मंच पर सनातन सोशल ग्रुप द्वारा महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें 251 यजमानों ने भाग लेकर भगवान शिव का अभिषेक किया। सत्यम-शिवम-सुंदरम् की भावना के साथ आयोजित इस अनुष्ठान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई।
आरती में शामिल हुए मंत्री चैतन्य काश्यप
महाभिषेक के बाद पूर्णाहूति और आरती का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर को भगवा ध्वजों से सजाया गया और 12 शिवलिंगों के साथ एक विशेष दिव्य शिवलिंग की स्थापना की गई है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भगवान शिव के दर्शन और जलाभेक के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को फलाहारी खिचड़ी और श्रीखंड का प्रसाद वितरित किया गया।
विश्वनाथ महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़
राजीव गांधी सिविक सेंटर स्थित प्राचीन श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। शाम को यहां भव्य महाआरती का आयोजन किया गया है। मंदिर परिसर में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा ठंडाई, 20 क्विंटल साबूदाने की खिचड़ी, आलू चिप्स और गाजर का हलवा प्रसाद के रूप में बांटा जा रहा है। शहर के पैलेस के सामने 4 क्विंटल बर्फ से निर्मित शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।










