भोपाल। स्थानीय आनंद नगर क्षेत्र में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय केशव चौकसे की रविवार 15 फरवरी को दोपहर में करंट लगने से मौत हो गई। वह नहाने के लिए बाल्टी में पानी गर्म कर रहा था। केशव ने पानी गर्म करने के लिए इलेक्ट्रिक रॉड बाल्टी में डाली थी। उसने राड निकाले बिना ही पानी का तापमान जांचने के लिए बाल्टी में हाथ डाल दिया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस कर अचेत हो गया।
बेटे की मौत से परिवार सदमे में डूबा
परिजन तत्काल उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, केशव चौकसे आनंद नगर में अपने परिवार के साथ रहता था और एक निजी विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। उसका एक छोटा भाई भी है। परिवार वालों के अनुसार, केशव पढ़ाई में होनहार था। वह बड़ा होकर पायलट बनना चाहता था। अचानक हुई उसकी मृत्यु से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
सावधानी से करें उपकरणों का प्रयोग
यह घटना दिखाती है कि इलेक्ट्रिक हीटर रॉड जैसे उपकरणों का उपयोग करते समय अत्यधिक सावधानी आवश्यक है। यदि हीटर रॉड पानी में पडी हो और बिजली का स्विच भी ऑफ हो, तो भी पानी में करंट प्रवाहित होता रह सकता है। ऐसे में सीधे हाथ डालना अत्यंत खतरनाक सिद्ध हो सकता है। पानी का तापमान जांचने से पहले बिजली का स्विच बंद करना और प्लग को निकालना बेहद जरूरी होता है। एक छोटी-सी लापरवाही घातक हो सकती है।










