haribhoomi hindi news
पिता के निधन के बाद महिला पिछले 3 साल से मायके में रहकर मां की देखभाल कर रही थी। उसके पति सेना में हवलदार हैं और जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं।

हरियाणा के यमुनानगर के छपरा थाना अंतर्गत भंभोल गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सैन्यकर्मी की पत्नी की उसके ही घर में घुसकर नृशंस हत्या कर दी गई। आरोप मृतका के जेठ के बेटे पर लगा है, जिसने अपने एक साथी के साथ मिलकर इस खूनी खेल को अंजाम दिया। वारदात के समय महिला अपने मायके में सो रही थी। 

सोते समय हुआ जानलेवा हमला 
घटना की शिकार 34 वर्षीय मोनिका अपने कमरे में सो रही थी। परिजनों के अनुसार रात करीब 11:30 बजे हमलावर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए आरोपियों ने ऊपर से आने का रास्ता चुना। कमरे में प्रवेश करते ही उन्होंने सो रही मोनिका पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमलावरों ने मुख्य रूप से उसकी गर्दन को निशाना बनाया। मोनिका की चीखें सुनकर जब तक परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

अस्पताल में तोड़ा दम 
परिजनों ने आनन-फानन में घायल मोनिका को जगाधरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गर्दन की नस कट जाने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

नानी और मां बोलीं- खून से लथपथ पड़ी थी बेटी 
मोनिका की नानी ने रुंधे गले से बताया कि उन्होंने अपनी नातिन को हमलावर के हाथों कटते हुए देखा। उन्होंने बताया कि शोर मचाने पर आरोपी छत के रास्ते भाग निकले। वहीं, मोनिका की मां कांता देवी ने बताया कि रात को जब पहली बार चीख सुनाई दी, तो मुझे लगा कि शायद वह कोई बुरा सपना देख रही है। लेकिन जब दोबारा आवाज आई, तो मैं और मेरी मां (मोनिका की नानी) उसके कमरे की तरफ दौड़े। वहां देखा तो दो युवक उसे चाकू मार रहे थे। उनमें से एक मोनिका के जेठ का लड़का था, जो अंबाला के कलरेड़ी गांव का रहने वाला है। 

तीन साल से मायके में रह रही थी मोनिका 
मोनिका का विवाह करीब 10 साल पहले अंबाला के कलरेड़ी गांव निवासी जसबीर सिंह के साथ हुआ था। जसबीर सेना में हवलदार हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। करीब तीन साल पहले मोनिका के पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह अपनी मां का सहारा बनने के लिए अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ मायके (भंभोल गांव) में ही रह रही थी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची  
सूचना मिलते ही छपरा थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर के पास एक नाली से खून से सना हुआ चाकू बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि इसी हथियार से वारदात को अंजाम दिया गया है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

7