haribhoomi hindi news
पानीपत में टैंकर पलटने से 11 लाख का तेल चोरी हुआ। माना जा रहा कि यह ड्राइवर ने एक साजिश के तहत किया और इसकी जानकारी कंपनी के मैनेजर संदीप ने पुलिस को अपनी शिकायत में दी। 

पानीपत में 11 लाख रुपये का तेल चोरी: पानीपत रिफाइनरी से हिमाचल प्रदेश जा रहे एक तेल टैंकर के संदिग्ध परिस्थितियों में पलटने और उसमें से करीब 11 लाख रुपये का तेल चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर ने ड्राइवर और कंडक्टर पर जानबूझकर साजिश रचने का आरोप लगाया है।

रिफाइनरी हिमाचल के लिए हुआ था रवाना 
राजेश कुमार ट्रांसपोर्ट रिफाइनरी के मैनेजर संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का रिफाइनरी में ट्रांसपोर्ट का टेंडर है। 23 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2:28 बजे एक टैंकर तेल लेकर हिमाचल के पोंटा साहिब के लिए रवाना हुआ था। टैंकर पर करनाल निवासी ड्राइवर पंकज राणा और कंडक्टर अरुण तैनात थे।

टैंकर का ढांचा पूरी तरह सुरक्षित 
मैनेजर के अनुसार, टैंकर उसी रात करीब 8 बजे पोंटा साहिब पहुंच गया था। यात्रा के दौरान नैना टीकर के पास टैंकर सड़क पर पलट गया। जब कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। टैंकर का ढांचा पूरी तरह सुरक्षित था, लेकिन उसके अंदर मौजूद 11,02,584 रुपये का तेल गायब था।

सबक सिखाने की दी गई थी धमकी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ड्राइवर पंकज राणा पिछले कई दिनों से एडवांस पेमेंट की मांग कर रहा था। पैसे न मिलने पर उसने मैनेजर को अंजाम भुगतने और सबक सिखाने की धमकी दी थी। ड्राइवर और कंडक्टर ने मिलकर पहले तेल को किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया। चोरी की वारदात को छिपाने के लिए जानबूझकर टैंकर को पलट दिया ताकि इसे एक सड़क हादसा दिखाया जा सके।

पुलिस ने किया ड्राइवर-कंडक्टर खिलाफ मामला दर्ज 
मैनेजर की शिकायत पर पानीपत पुलिस ने ड्राइवर पंकज राणा और कंडक्टर अरुण के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी किया गया तेल कहां ठिकाने लगाया गया और इस साजिश में अन्य कौन लोग शामिल हैं।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7