Sonipat Night Clubs: हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने गुरुवार देर रात सोनीपत में युवाओं के बीच परोसे जा रहे नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के सामने स्थित नाइट क्लबों पर जब आयोग की टीम पुलिस के साथ पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया। टीम को देखते ही क्लबों में नशा कर रहे युवक-युवतियां भागते नजर आए।
रेड की सूचना हुई 'लीक'
महिला आयोग को शिकायत मिली थी कि यूनिवर्सिटी के पास स्थित नाइट क्लबों में संदिग्ध गतिविधियां और नशे का खेल चल रहा है। इस पर चेयरपर्सन रेणु भाटिया खुद साधारण कपड़ों में रेड करने पहुंचीं। छापेमारी शाम 6 बजे शुरू हुई और रात 12 बजे तक चली। कई क्लबों के अंदर कर्मचारी लाइट बंद कर बैठे मिले। उन्होंने कबूल किया कि मालिकों को रेड की खबर पहले ही मिल गई थी, इसलिए क्लब बंद रखने के आदेश दिए गए थे।
खुलेआम शराब पीते युवक-युवतियां
रेड के दौरान देखा गया कि नाइट क्लबों के आसपास युवक-युवतियां खुलेआम शराब पी रहे थे। जैसे ही टीम नजदीक पहुंची, कई युवतियां वहां से भाग निकलीं। रेणु भाटिया ने मौके पर मौजूद कई लोगों को कड़ी फटकार लगाई और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। "सूचना लीक करने वालों ने युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया" रेणु भाटिया ने छापेमारी की जानकारी पहले ही लीक होने पर गहरा दुख और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि "दुख की बात है कि हमारे पहुंचने से पहले ही संचालकों को भनक लग गई। जिसने भी यह जानकारी लीक की है, उसने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। अगली बार बिना किसी सूचना के दोबारा रेड की जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी।"
माहौल बिगड़ने पर उठाए सवाल
आयोग की चेयरपर्सन ने बताया कि उन्हें वहां का माहौल बिल्कुल अच्छा नहीं मिला। गुरुवार की रात आमतौर पर बड़ी पार्टियां होती हैं, लेकिन टीम के आने के डर से 6 बजे ही क्लबों के शटर गिर गए। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने वाले संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










