महिला आयोग vs मासूम शर्मा: उत्तराखंड के देहरादून में एक कॉलेज प्रोग्राम के दौरान मंच से अपशब्द कहने के मामले में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार को हरियाणा महिला आयोग ने इस मामले में सुनवाई के लिए छुट्टी के दिन भी अपना दफ्तर खुला रखा, लेकिन सिंगर ने पेश होने से साफ इनकार कर दिया है।
आयोग ने किया इंतजार, मासूम बोले- 'अभी बिजी हूं'
हरियाणा महिला आयोग ने मासूम शर्मा को शनिवार दोपहर ढाई बजे पेश होने का नोटिस दिया था। आयोग की अध्यक्ष और सदस्य सिंगर का इंतजार करते रहे, लेकिन मासूम शर्मा ने ईमेल के जरिए सूचित किया कि वे अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण व्यस्त हैं और पेश नहीं हो पाएंगे। इससे पहले चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मासूम शर्मा ने स्पष्ट कहा था, "मैं अभी बिजी हूं और आयोग के सामने पेश नहीं होऊंगा। मैंने ईमेल कर दिया है और जो विवाद हुआ था, उसके लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांग चुका हूं।"
DAV कॉलेज में हुआ था विवाद
बीते शनिवार को देहरादून के DAV कॉलेज में एक लाइव शो के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से गालियां दी थीं। मासूम का दावा है कि उन्हें और उनके अमेरिका में रहने वाले भाई को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। सिंगर के अनुसार, एक बदमाश होटल के बाहर उनका पीछा कर रहा था। मानसिक तनाव और स्ट्रेस के कारण उन्होंने मंच से ही उस बदमाश को ललकारा और गुस्से में अपशब्द कह दिए। खास बात यह है कि उस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद थे, जिनके जाने के बाद यह हंगामा हुआ।
देहरादून में FIR दर्ज
मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून के डालनवाला थाने में BNS की विभिन्न धाराओं (296, 352, 79 और 351(3)) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह FIR सत्यम शिवम छात्र संगठन के प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत पर हुई है। पुलिस ने उन्हें 15 दिन के भीतर जवाब दाखिल करने का नोटिस भी थमाया है।
सिंगर को मिली 25 करोड़ की धमकी
मासूम शर्मा ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि बदमाश ने उनके भाई को फोन कर कहा था कि "मासूम का 20-25 करोड़ का बीमा करा लो, ताकि उसके मरने के बाद बच्चे पल सकें।" उन्होंने कहा कि वे जल्द ही देहरादून पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपेंगे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देंगे।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।









