Logo
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज हरियाणा के चरखी दादरी में रैली के लिए पहुंचे। यहां राहुल गांधी के समक्ष राव दान सिंह और किरण चौधरी एक-दूसरे को अंगुली दिखाते नजर आए। नीचे वीडियो देखने से पहले पढ़िये पूरा मामला...

हरियाणा में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होने में केवल तीन दिन शेष बचे हैं, लेकिन भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह और किरण चौधरी के बीच अभी तक तनातनी है। सोशल मीडिया यूजर्स की मानें तो इसका प्रमाण चरखी दादरी में राहुल गांधी की रैली के दौरान नजर आया। यहां राहुल गांधी के समक्ष किरण चौधरी और राव दान सिंह एक दूसरे पर अंगुली दिखाते बात करते नजर आए। हालांकि यह तो नहीं पता चला कि दोनों के बीच क्या बातचीत चल रही थी, लेकिन राहुल गांधी के भाव देखकर लगता है कि दोनों किसी मुद्दे पर बहस कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज हरियाणा के चरखी दादरी में रैली के लिए पहुंचे हैं। रैली से दो दिन पहले किरण चौधरी का बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि हम राव दान सिंह के लिए प्रचार करना चाहते हैं, लेकिन हमें बुलाया नहीं जाता है। एक दिन पहले भी किरण चौधरी ने भूपेंद्र हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा था।

उन्होंने कहा था कि हम कांग्रेस के सिपाही हैं, इसलिए अपना दायित्व निभाएंगे, लेकिन जनता जानती है कि वे हमें खत्म करना चाहते हैं। इस बयान के बाद से सियासी चर्चा थी कि किरण चौधरी इस रैली में शामिल हो भी पाएंगी या नहीं। बहरहाल, वे राहुल गांधी के साथ मंच पर तो नजर आईं, लेकिन जिस तरह से राव दान सिंह और किरण चौधरी के बीच अंगुली दिखाकर बात करते नजर आए, उससे चर्चा का विषय बन गया है।

भूपेंद्र हुड्डा के आने पर क्या हुआ?

नीचे वीडियो में आप देख सकते हैं कि राहुल गांधी दोनों नेताओं को समझाने का प्रयास करते नजर आते हैं। विशेषकर वे किरण चौधरी की तरफ इशारा करके शांत रहने को कहते हैं। इसके बाद वे कुछ कह रही होती हैं, लेकिन तभी भूपेंद्र हुड्डा नजर आते हैं। भूपेंद्र हुड्डा को देखकर राहुल गांधी अपनी सीट से उठकर उनसे मिलते हैं। इसके बाद यह वीडियो खत्म हो जाता है। 

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग नसीहत दे रहे हैं कि कांग्रेस को अपना कुनबा मजबूत करना चाहिए, वहीं कुछ यूजर्स का कहना है कि हर व्यक्ति सम्मान का हकदार है। वहीं, कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो बताते हैं कि इन्हीं कारणों से बीजेपी 400 पार होने वाली है। नीचे देखिये वीडियो... 

5379487