रेवाड़ी शहर के बाईपास स्थित राजेश पायलट चौक के पास इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया है। सोमवार रात से ही तेल खत्म होने के कारण आज सुबह से ही वाहन चालकों को बिना तेल लिए मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
पंप पर 'नो स्टॉक' के बोर्ड, केवल डीजल उपलब्ध
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के अनुसार, पंप पर पेट्रोल का स्टॉक सोमवार रात को ही समाप्त हो गया था। फिलहाल केवल डीजल की उपलब्धता है। कर्मचारियों ने बताया कि तेल की सप्लाई के लिए ऑर्डर दिया जा चुका है और आज शाम तक टैंकर पहुंचने की संभावना है। तब तक के लिए पंप पर आने वाले दुपहिया और चार पहिया वाहनों को वापस भेजा जा रहा है।
पहली बार दिखी ऐसी स्थिति
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों का कहना है कि रेवाड़ी में इससे पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी गई थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से इजरायल-ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण तेल की वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे स्थानीय डिपो से पंपों तक तेल पहुंचने में देरी हो रही है।अचानक पेट्रोल खत्म होने से ऑफिस जाने वालों और डिलीवरी बॉयज को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एक पंप पर तेल खत्म होने की खबर से अन्य पंपों पर भी भीड़ बढ़ने लगी है, जिससे पैनिक बाइंग (जमाखोरी) की स्थिति बन रही है।
सरकार और प्रशासन का दावा: "स्टॉक पर्याप्त है"
एक ओर जहाँ धरातल पर कुछ पंपों पर तेल खत्म हो रहा है, वहीं दूसरी ओर हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर और रेवाड़ी प्रशासन ने बार-बार आश्वासन दिया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। मंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।प्रशासन का कहना है कि यह एक स्थानीय लॉजिस्टिक समस्या हो सकती है और तेल की कोई राष्ट्रीय या राज्य स्तरीय कमी नहीं है।अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही तेल भरवाएं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










