मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक बार फिर कानूनी और सामाजिक विवादों में फंसते नजर आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म 'लाइसेंस' के टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया है। आरोप है कि फिल्म में सरकार द्वारा प्रतिबंधित गाने 'खटोला' की ट्यून और लिरिक्स का इस्तेमाल किया गया है, साथ ही फिल्म में 'गन कल्चर' को महिमामंडित करने का दावा किया जा रहा है।
फिल्म में हुआ प्रतिबंधित गाने का री-यूज
- प्रतिबंधित गाने का री-यूज: सोशल मीडिया यूजर्स और जींद निवासी सुनील का आरोप है कि फिल्म में उसी 'खटोला' गाने को दोबारा पेश किया गया है जिसे सरकार ने बैन कर दिया था। दावा है कि टीजर की ट्यून और लिरिक्स हूबहू प्रतिबंधित गाने जैसे हैं।
- हथियारों का प्रदर्शन: टीजर में मासूम शर्मा को हाथ में पिस्टल थामे और एक पुलिसकर्मी पर गोली चलाते दिखाया गया है। आलोचकों का कहना है कि यह युवाओं के बीच 'वैपन कल्चर' (हथियारों की संस्कृति) को बढ़ावा देने जैसा है।
- सिरसा लाइव शो का कनेक्शन: हाल ही में सिरसा में फिल्म प्रमोशन के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से 'खटोला' गाना गाया था, जिसकी वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया है।
फिल्म यूनिट ने दी सफाई
विवादों के बीच फिल्म के प्रोड्यूसर रविंद्र बाजवान पन्ना ने स्पष्ट किया है कि फिल्म में कोई भी विवादित या प्रतिबंधित गाना नहीं है। उन्होंने कहा कि "फिल्म पूरी तरह से सेंसर बोर्ड से पास है। इसमें सपना चौधरी का आइटम सॉन्ग और केडी का रैप है, लेकिन कोई बैन गाना नहीं फिल्माया गया। यह एक पारिवारिक फिल्म है जिसकी शूटिंग जींद में एक साल तक चली है।" फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता यशपाल शर्मा मुख्य विलेन के तौर पर नजर आएंगे, जबकि सपना चौधरी, केडी और निशा शर्मा जैसे बड़े हरियाणवी चेहरे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
केडी और मासूम की वीडियो कॉल क्लिप वायरल
इसी बीच सोशल मीडिया पर मासूम शर्मा और सिंगर केडी की एक वीडियो कॉल क्लिप भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसमें केडी मजाकिया अंदाज में कहते नजर आ रहे हैं कि "फिल्म देखने सभी को जाना है, अगर पसंद न आए तो थिएटर के बाहर आकर कह देना- 70 मासूम हांडै हैं (70 मासूम घूमते हैं)।" यह टिप्पणी मासूम शर्मा के उस पुराने विवादित बयान की याद दिलाती है जिसमें उन्होंने एक मंच पर सरपंचों को लेकर कहा था कि "70 सरपंच हांडै हैं"।
पुलिस की कार्रवाई
मामले को लेकर जींद एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि अभी तक फिल्म के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। यदि किसी भी प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज होती है या नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है, तो जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।









