Logo
Noida Police: नोएडा पुलिस ने तीन ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को डेटिंग ऐप के माध्यम से ठगने का काम करते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह अब तक 60 से ज्यादा लोगों को शिकार बना चुके हैं।

Noida Police: नोएडा पुलिस ने तीन ऐसे शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर ठगने का काम करते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये तीनों आरोपी अब तक कुल 60 से ज्यादा लोगों को अपने जाल में फंसा चुके हैं। इन तीनों आरोपियों को नोएडा सेक्टर-113  की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले लोगों से ऐप पर दोस्ती करते थे और फिर उसके बाद मिलने के लिए बुलाते थे। इसके बाद उन्हें डरा-धमका कर पैसे लूटने का काम करते थे। पुलिस ने अनुसार, आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अब तक 60 से अधिक लोगों को लूटने की बात स्वीकार की है।

नोएडा पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि इन चारों मोबाइल फोनों में पीड़ितों से जुड़ी बातचीत और वारदातों से जुड़े सबूत मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार, इन तीनों आरोपियों को पहले अदालत में पेश किया जाएगा और फिर जेल भेज दिया जाएगा।

नोएडा पुलिस की एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, सेक्टर 51 का पीड़ित, जो कि नोएडा की नामी कंपनी में आईटी इंजीनियर है। उसे 26 मार्च को नोएडा के सेक्टर 76 में डेटिंग ऐप के माध्यम से मिलने के लिए बुलाया गया। इसके बाद पीड़ित युवक जब मिलने के लिए पहुंचा तो एक कार में 3 युवक आए और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद आरोपी पीड़ित को घुमाने के नाम पर कुछ दूर ले गए और काफी दूर जाकर पीड़ित के साथ मारपीट की और 1 लाख रुपए जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहले 55 हजार रुपए का एक मोबाइल फोन खरीदा और 13 हजार रुपए खाने-पीने में खर्च कर दिए।

नोएडा पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान सागर ठाकुर, शिवम झा जो कि बिहार के रहने वाले हैं और कमल जो कि उत्तराखंड का रहने वाला है के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी वारदात के समय गाड़ी की नंबर प्लेट बदल दिया करते थे ताकि पुलिस से बचा जा सके। वहीं इस गैंग का सरगना शिवम झा है, जिस पर नोएडा के विभिन्न थानों में लूटपाट के के 8 केस दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी शिवम झा पर आर्म एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी भी गंभीर धाराएं दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कार को भी बरामद कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

7