Logo
Delhi Murder Case: दिल्ली के मधुविहार में डिलीवरी ब्वॉय की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि 3 लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।  

Delhi Murder Case: दिल्ली के मधुविहार इलाके में बीती देर रात चाकूबाजी के दौरान डिलीवरी ब्वॉय की हत्या कर दी गई। वहीं इस मामले में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इसके अलावा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस हमले में परवेश, अनीस और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। 

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला दिल्ली के द्वारका के डाबड़ी थाना एरिया के मधुविहार इलाके का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान मोहन गार्डन के रहने वाले 30 साल के गोविंद के तौर पर हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गोविंद डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था, और वह अपनी पत्नी और 11 साल के बच्चे के साथ रहता था। वही मृतक के माता-पिता विपिन गार्डन में रहते हैं। 

युवकों पर चाकू से हमला

पुलिस का कहना है कि कुछ युवकों ने मिलकर मधुविहार इलाके के अलग-अलग जगहों पर 4 लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस हमले की पीछे की सटीक वजह का अभी पता नहीं लग पाया है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, वहीं अन्य की तलाश की जा रही है।   

केस को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है, जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 2 विशेष समुदाय और 2 दूसरे समुदाय के लोग घायल हुए हैं। इस वारदात को दुर्गा माता मंदिर के पास अंजाम दिया गया है, जिसके बाद कुछ लोग इसे सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके। वहीं  होश में आने के बाद घायलों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि आरोपियों के बारे में पता लग सके।  

7