Logo
election banner
हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता के लिए दशकों तक देश व समाज को खंडित किया तथा आज भी उसी प्रयास में हैं, परंतु सफलता नहीं मिलेगी। प्रदेश की 2.85 करोड़ जनता ही मेरा परिवार है तथा कार्यकर्ता एक बार फिर सभी 10 सीटों पर कमल खिलाकर 400 प्लस में हरियाणा की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

पानीपत।  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल ने शुक्रवार को सनौली रोड स्थित गंगा गार्डन में पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया| उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता भाजपा की ताकत हैं। जिस प्रकार से 2019 के चुनाव में प्रदेश की सभी 10 सीटों पर कमल खिलाकर प्रधानमंत्री मोदी के मिशन में अपनी भागीदारी की थी, उसी प्रकार से 2024 के चुनाव में भी उससे अधिक उत्साह के साथ प्रधानमंत्री मोदी के मिशन 400 पार में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने का काम करेंगे। प्रदेश की 2.85 करोड़ की आबादी ही मेरा परिवार है तथा उसकी खुशहाली व सुरक्षा मेरा लक्ष्य। कांग्रेस ने सत्ता के लिए हमेशा देश व समाज को खंडित करने का काम किया तथा आज भी धर्म, जाति, क्षेत्रवाद व भाषा के नाम पर वैसा ही खेल खेलने का प्रयास कर रही है। जिसमें उसे एक बार फिर निराशा हाथ लगेगी। 

कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ 

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित होता है। पार्टी समय समय पर कार्यकर्ताओं की अलग अलग जिम्मेदारी तय करती है। इस बार भी 400 पार में हरियाणा अपनी 10 सीटों की भागीदारी करेगा और पहले से भी ज्यादा मतों की जीत के अंतर से करेगा। यह सब भाजपा के कार्यकर्ताओं की बदौलत ही संभव है| उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वास्तव में प्रत्याशी से अधिक उत्साह कार्यकर्ताओं में होता है और कार्यकर्ता किसी एक परिवार के लिए नहीं बल्कि पूरे प्रदेश को, देश को अपना परिवार मानकर राष्ट्र के लिए काम करता है।

ये रहे मौजूद 

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल से लोकसभा उम्मीदवार बनने के बाद पानीपत चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने पानीपत पहुंचे थे। कार्यक्रम में निवर्तमान सांसद सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, करनाल  लोकसभा संयोजक  एवं विधायक हरविंद्र कल्याण, भाजपा जिला प्रभारी उमेश शर्मा, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, पानीपत शहर विधायक प्रमोद विज, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, निवर्तमान मेयर अवनीत कौर, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीतिसेन भाटिया, जिला महामंत्री कृष्ण छोक्कर, रोशन लाल माहला, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आशु सत्यवान शेरा, शहरी विधानसभा प्रभारी विनोद छोक्कर, ग्रामीण प्रभारी गजेन्द्र सलूजा, इसराना प्रभारी लोकेश नांगरू, समालखा प्रभारी मेघराज गुप्ता ने मनोहर लाल का स्वागत किया | 
 

5379487