Hisar Fire: 'गैस लीक, दीप की लौ और सिलेंडर ब्लास्ट', 3 वर्षीय बच्चे की मौत, एक की हालत गंभीर

Hisar Fire Accident: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर हिसार के एक परिवार ने दीये जलाए, लेकिन गैस लीक होने के चलते बड़ा हादसा हो गया।

Hisar Fire Accident: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन हिसार में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां के सत्य नगर के एक घर में गैस लीक होने पर दीये की लौ से आग फैल गई। सिलेंडर में ब्लास्ट होने से घर की छत तक उड़ गई। हादसे में तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि एक की हालत गंभीर बनी है। उसे हिसार के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हिसार पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात को सूचना मिली थी कि सत्य नगर स्थित घर में आग लगी है। सूचना पाते ही दमकल की टीमों को लेकर मौके पर पहुंचे। सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि इस घर में अजय और किरण अपनी चार संतानों के साथ रहते थे। अजय मूल रूप से बिहार के भागलपुर के रहने वाले हैं। किरण ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सोमवार की रात को घर में दीये जलाए थे। घर के पास भजन कीर्तन चल रहा था। वो अपने बच्चे आदेश और रिमझिम को लेकर भीजन कीर्तन में शामिल होने के लिए चली गई, जबकि राधा और कृष्ण को घर पर छोड़ दिया क्योंकि वे सो चुके थे। रात को यह हादसा हो गया।

दीये की लौ से फैली आग

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच से पता चलता है कि सिलेंडर की गैस लीक हुई थी। वहां दीये जल रहे थे, जिससे आग फैल गई। सूचना पाते ही दमकल टीमों को भी मौके पर बुला लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि आग पर काबू पाने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के बाद झुलसे दोनों बच्चों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां कृष्ण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच चल रही है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

इस हादसे के बाद से मां किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। वो बच्चों के नाम पुकार कर बेहोश हो रही है। उसे संभालने वाले लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। किरन की बच्ची राधा का मुंह और हाथ बुरी तरह से झुलसा है। सभी प्रार्थना कर रहे हैं कि वो ठीक हो जाए।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story