Haryana Weather Update: हरियाणा में कमर तोड़ ठंड कर रही है। आज सुबह से ही 11 जिलों में धुंध ने पहरा दे रखा है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। हरियाणा के करनाल और पानीपत जिले का तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है। करनाल का तापमान 11.5 रहा है, जबकि पानीपत का तापमान 12.1 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, सबसे गरम जिले की बात करें तो सिरसा रहा है, जहां का तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बाकी सभी जिलों का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा है।
इन 5 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश में ठंड बढ़ने की चेतावनी दे दी है। प्रदेश में कल और परसों बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। इस दौरान 8-10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेगी। बता दें कि जिन 5 जिलों में मध्यम श्रेणी की बारिश की संभावना जताई जा रही है, उनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और करनाल शामिल है। इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
किसानों के लिए बारिश बनेगी अभिशाप
इसके अलावा प्रदेश के जिन 11 जिलों में धुंध का खासा असर देखने को मिल रहा है, उनमें हिसार, पानीपत, जींद, सोनीपत, रोहतक, करनाल, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और चरखी दादरी शामिल हैं। बता दें कि प्रदेश के किसान बिलकुल भी नहीं चाहेंगे कि बारिश हो, क्योंकि इससे उनके फसल को काफी नुकसान पहुंचेगा। पिछले दिनों जब ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई थी, इससे 949 गांवों के 13 हजार किसानों की सरसों, चना, गेहूं और सब्जियों को नुकसान हुआ था। किसानों की मानें तो इसके कारण 64 हजार हेक्टेयर से अधिक की खड़ी फसल खराब हो गई।
ये भी पढ़ें:- प्रदेश में छाया सीजन का सबसे घना कोहरा: 20 मीटर से कम रही विजिबिलिटी, वाहनों की रफ्तार को लगे ब्रेक











