haribhoomi hindi news
यमुनानगर में अनाज खरीद प्रक्रिया में तकनीकी खामी के चलते भारी हंगामा हुआ। किसानों ने सरकार व प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया गया कि बॉयोमैट्रिक सिस्टम खराब होने पर उन्हें काफी परेशानियां हो रही है।

Yamunanagar Farmers' Road Blockade: हरियाणा के यमुनानगर जिले में सोमवार को अनाज खरीद प्रक्रिया में तकनीकी खामी के चलते भारी हंगामा हो गया। जगाधरी अनाज मंडी में गेटपास और बॉयोमैट्रिक सिस्टम की साइट ठप होने से गुस्साए किसानों ने मंडी के बाहर मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रालियां अड़ाकर चक्का जाम कर दिया। किसानों के इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम जनता और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह से ही मंडी का पोर्टल और बॉयोमैट्रिक साइट काम नहीं कर रही थी। इसके चलते किसानों को गेटपास जारी नहीं हो पाए और उनकी फसल से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां मंडी के बाहर ही फंस गईं। घंटों इंतजार के बाद जब समाधान नहीं हुआ, तो किसानों का सब्र टूट गया। किसानों ने सड़क के बीचों-बीच दरी बिछा दी और सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।

पुलिस के साथ किसानों की हुई तीखी नोकझोंक
जाम की सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब किसानों को सड़क से हटने और जाम खोलने के लिए समझाने का प्रयास किया, तो माहौल गरमा गया। इस दौरान किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर तीखी बहस और नोकझोंक हुई। किसानों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक तकनीकी समस्या दूर नहीं होती और उनकी फसलों की मंडी में एंट्री शुरू नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।

रोडवेज बसें फंसी, यात्री हुए बेहाल
किसानों के इस आकस्मिक जाम में हरियाणा रोडवेज की कई बसें और निजी वाहन फंस गए। चिलचिलाती धूप के बीच यात्रियों को बसों में बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ा। हालांकि, मानवीय आधार पर पुलिस और किसानों ने जाम के बीच फंसी एक एम्बुलेंस को रास्ता देकर सुरक्षित बाहर निकाला।

भाकियू का प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा एतराज
मौके पर पहुंचे भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेताओं ने प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि हर बार सीजन के समय पोर्टल और सर्वर डाउन होने की समस्या आती है, जिसका खामियाजा सीधे तौर पर किसानों को भुगतना पड़ता है। किसानों ने मांग की है कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए मैन्युअल गेटपास या वैकल्पिक व्यवस्था तुरंत की जाए।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7