Logo
मोदी सरकार ने 3630.77 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना को मंजूरी दी है, जो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को सीधे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ेगी।

फरीदाबाद और इसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्र की मोदी सरकार ने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली एक महात्वाकांक्षी सड़क परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस हाई-स्पीड कनेक्टिविटी कॉरिडोर के निर्माण पर कुल 3630.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

31 किलोमीटर लंबा होगा नया रूट
केंद्रीय राज्यमंत्री और फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर ने इस प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने इस मार्ग के निर्माण पर मुहर लगा दी है। इस प्रस्तावित सड़क की कुल लंबाई लगभग 31.42 किलोमीटर होगी। यह मार्ग दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और सोहना रूट से गुजरते हुए सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। इसके बनने से दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के निवासियों को भी हवाई अड्डे तक पहुँचने के लिए एक सुगम और तेज विकल्प मिलेगा।

11 किलोमीटर लंबा बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसका 11 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि डीएनडी-बल्लभगढ़ बाईपास से जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए सड़क का एक बड़ा भाग एलिवेटेड बनाया जाएगा। यह हिस्सा सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से लिंक होगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या नहीं रहेगी और वाहन निर्बाध गति से चल सकेंगे।

15 मिनट में फरीदाबाद से एयरपोर्ट
वर्तमान में फरीदाबाद से जेवर जाने में काफी समय लगता है, लेकिन इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद यह सफर मात्र 15 मिनट का रह जाएगा। यह मार्ग न केवल एयरपोर्ट को जोड़ेगा, बल्कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के साथ भी तालमेल बिठाएगा। इससे इस पूरे क्षेत्र में 'मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट' सिस्टम को मजबूती मिलेगी।

हरियाणा सरकार का वित्तीय सहयोग
इस विशाल परियोजना के एलिवेटेड सेक्शन के निर्माण में करीब 689.24 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत आनी है। इसमें से 450 करोड़ रुपये का योगदान हरियाणा सरकार द्वारा दिया जाएगा। यह कॉरिडोर फरीदाबाद के मास्टर प्लान-2031 के तहत विकसित होने वाले नए इलाकों से होकर गुजरेगा, जिससे भविष्य में शहर के विस्तार और शहरीकरण को नई दिशा मिलेगी।

उद्योग और विकास को मिलेगी रफ्तार
परियोजना की मंजूरी मिलने पर कृष्णपाल गुर्जर ने केंद्र और हरियाणा सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया। वहीं, फरीदाबाद के औद्योगिक जगत और सामाजिक संगठनों में भी भारी उत्साह है। उद्योगपतियों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट के साथ इतनी तेज कनेक्टिविटी होने से शहर में निवेश बढ़ेगा, नए उद्योग लगेंगे और विकास की गति दोगुनी हो जाएगी। यह प्रोजेक्ट फरीदाबाद को दिल्ली-एनसीआर के सबसे प्रमुख कनेक्टिविटी हब के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। 
 
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।  

7