Haryana Nikay Chunav: BJP ने लगाई नेताओं की ड्यूटी, CM नायब सैनी समेत ये दिग्गज मांगेंगे वोट, देखें लिस्ट

BJP released list of civic election campaign committee
X
बीजेपी ने निकाय चुनाव प्रचार कमेटी की लिस्ट जारी की।
BJP Election Campaign Committee: हरियाणा निकाय चुनाव में प्रचार के लिए बीजेपी ने अपने नेताओं की लिस्ट जारी कर दी है। आइए जानते हैं किस नेता को कहां पर जिम्मेदारी दी गई है...

BJP Civic Election Campaign Committee: हरियाणा निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने नगर निगम और नगर परिषद चुनाव के लिए कॉर्डिनेशन और प्रचार कमेटी का गठन किया है। पार्टी की ओर से इसकी लिस्ट जारी की गई है। बता दें कि अगले महीने 2 मार्च को निकाय चुनाव के लिए मतदान कराए जाएंगे। इसके लिए नॉमिनेशन किया जा चुका है और अब सभी पार्टियां चुनाव प्रचार की तैयारियों में जुट गए हैं।

सीएम नायब सैनी सहित कैबिनेट मंत्री करेंगे प्रचार

हरियाणा बीजेपी की ओर से जारी इस लिस्ट में तीन केंद्रीय मंत्रियों को शामिल किया गया है, जिसमें मनोहर लाल खट्टर, राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर का नाम है। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा कैबिनेट में शामिल 12 मंत्रियों के नाम लिस्ट में हैं। हालांकि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का नाम इस लिस्ट में नहीं है, क्योंकि उन्हें घोषणा पत्र कमेटी में शामिल किया गया है। पार्टी ने पूर्व विधायकों के साथ-साथ वरिष्ठ नेताओं की भी चुनाव में ड्यूटी लगाई है।

सीएम नायब सैनी संभालेंगे थानेसर की कमान

बीजेपी की ओर से जारी चुनाव प्रचार कमेटी के अनुसार, सीएम नायब सैनी ने थानेसर नगर परिषद के चुनावों की कमान अपने हाथों में ली है। हालांकि, सीएम सैनी और कैबिनेट के मंत्री सभी निकायों में प्रचार करेंगे, लेकिन कमेटी की लिस्ट के हिसाब से थानेसर में उनकी ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा उनके साथ कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और पूर्व निकाय मंत्री सुभाष सुधा भी यहां पर चुनाव प्रचार करेंगी।

फरीदबाद, हिसार, करनाल और पानीपत की जिम्मेदारी इन नेताओं पर

फरीदाबाद नगर निगम के लिए पार्टी की ओर से केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के साथ में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा और एनआईटी विधायक सतीश फगना के अलावा दीपक मंगला की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, हिसार नगर निगम के लिए लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व विधायक कैप्टन अभिमन्यु, नलवा विधायक रणधीर पनिहार के अलावा बीजेपी सरकार को समर्थन दे रहीं हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल को कमेटी में शामिल किया है।

इसके अलावा करनाल नगर निगम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा के साथ करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा, इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप तथा नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, पानीपत नगर निगम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा के साथ प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, पानीपत सिटी विधायक प्रमोद विज और समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना चुनाव प्रचार और कॉर्डिनेशन करते दिखाई देंगे।

अंबाला उपचुनाव में अनिल विज के हाथ में कमान

अंबाला सिटी और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद के लिए उपचुनाव हो रहा है। इसकी जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री अनिल विज संभालेंगे। उनके साथ बंतो कटारिया, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा और असीम गोयल भी साथ देंगे। वहीं, सोनीपत नगर निगम में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ्ढा, सोनीपत विधायक निखिल मदान तथा खरखौदा विधायक पवन खरखौदा और कृष्णा गहलावत की ड्यूटी लगाई गई है।

गुरुग्राम और मानेसर में पिता-पुत्री संभालेंगी कमान

बीजेपी की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ उनकी बेटी और हरियाणा स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव चुनाव प्रचार करते दिखाई देंगे। इसके अलावा उनके साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव की भी ड्यूटी लगाई गई है। बता दें कि गुरुग्राम नगर निगम में वहां से विधायक पंडित मुकेश शर्मा को भी प्रचार कमेटी में शामिल किया है।

ये भी पढ़ें: जल्द जारी होगा BJP-कांग्रेस का मेनिफेस्टो, जानिए किन मुद्दों पर मांगे जाएंगे वोट

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story