Logo
election banner
भाजपा प्रभारी बिप्लब देव ने परिवारवाद कल्चर को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के होते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। 

हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लब देव ने परिवारवाद कल्चर को बढ़ावा देने वाली कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के होते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। कांग्रेस ने राजस्थान में समझा था उनके झूठे झांसों में आकर जनता उनको सत्ता सौंप देगी, लेकिन यह भारत की जनता है इसको समझना बहुत कठिन है और जनता ने चुनाव में कांग्रेस को झुनझुना थमा दिया। 

देश की जनता को अगर कोई नेता समझता है तो वे अटल थे और उनके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इससे पहले उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दुनिया में राष्ट्रभाषा को सम्मान प्रदान कराया, वहीं प्रधानमंत्री मोदी भारत का गौरव बढ़ाने का काम कर रहे हैं। 

मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल-इंजन सरकार दोगुनी रफ्तार से विकास कर रही है। गरीब-कल्याण की नीतियों से दलितों, पिछड़ों व गरीबों के जीवन में व्यापक बदलाव आ रहे हैं और यही भाजपा की सरकारों की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत उंचाईयों को छू रहा है। मोदी के नेतृत्व का लोहा दुनिया मान रही है। दक्षिणी ध्रूव पर चंद्रयान-2 की सफल लैडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना है। 

नारी शक्ति वंदन बिल पास कराकर मोदी ने महिलाओं को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनका सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास मोदी जैसा नेतृत्व और अमित शाह जैसा संगठक है। शायराना अंदाज में बोलते हुए उन्होंने कहा कि हारी हुई बाजी जीतने वाले को अमित शाह कहते हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ चुनाव के परिणाम गवाह है कि मोदी की प्रेरणा कभी झुकने नहीं देती। 

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बोलते थे कि सरकारें आएंगी और जाएंगी, पार्टियां बनेंगी और बिगड़ेंगी, किंतु यह देश रहना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी भी अटल के दिखाए मार्ग पर चलकर देशहित को सर्वोपरि मानकर काम कर रहे हैं। हाल ही में पास हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य विधेयक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के बनाए 150 साल पुराने कानूनों को खत्म करके नए कानून बनाए गए हैं जो पूरी तरह स्वदेशी है। 

बिप्लब ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने 65 साल देश पर शासन किया, लेकिन कभी भी अंग्रेजों के बनाए कानूनों को हटाने की हिम्मत नहीं दिखाई, क्योंकि इसका सबसे बड़ा कारण लार्ड माउंटबेटन हैं जिसे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू अपना दोस्त मानते थे। अंग्रेजों ने राजद्रोह का कानून बनाया जो उनके हक में था, लेकिन आज भारत आजाद है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज द्रोह कानून को खत्म कर देशद्रोह कानून को बनाया। अब कोई भी व्यक्ति देश के खिलाफ द्रोह करने के बारे में सोचकर भी डरेगा।

5379487