हथिनी कुंड बैराज पर प्रशासन की नजर: पहाड़ी इलाकों में बारिश के बावजूद सामान्य स्तर पर बह रही यमुना नदी

Water level flowing at normal level at Hathini Kund Barrage in Yamuna Nagar
X
यमुनानगर के हथिनी कुंड बैराज पर बहता हुआ सामान्य स्तर पर जलस्तर।
यमुनानगर में पहाड़ी इलाकों में छाए घने बादलों व रुक रुक कर हो रही बारिश के बावजूद हथिनी कुंड बैराज पर यमुनानदी का जलस्तर सामान्य स्तर पर बह रहा है।

Yamunanagar: पहाड़ी इलाकों में छाए घने बादलों व रुक रुक कर हो रही बारिश के बावजूद हथिनी कुंड बैराज पर यमुनानदी का जलस्तर सामान्य स्तर पर बह रहा है। मगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और हथिनीकुंड बैराज पर यमुना नदी के जलस्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा हथिनी कुंड बैराज में बाढ़ चेतावनी कक्ष बनाया गया है, जिसमें यमुना नदी समेत बरसाती नदियों के जलस्तर की पूरी जानकारी रखी जा रही है।

बैराज पर जलस्तर सामान्य, प्रशासन मुस्तैद

हथिनी कुंड बैराज से मिली जानकारी के मुताबिक बैराज पर यमुना नदी का जलस्तर अन्य दिनों की तरह सामान्य स्तर पर बह रहा है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में रुक रुक कर बारिश हो रही है। मगर फिलहाल हथिनी कुंड बैराज पर पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। शुक्रवार शाम चार बजे तक हथिनी कुंड बैराज पर मात्र नौ हजार क्यूसेक पानी बह रहा था। जो न्यूनतम जलस्तर से भी कम है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में रुक रुक कर हो रही बारिश को देखते हुए हथिनी कुंड बैराज पर अलर्ट जारी किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि यदि पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश हुई तो हथिनी कुंड बैराज पर जलस्तर बढ़ सकता है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हथिनी कुंड बैराज पर कर्मचारियों द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल कोई घबराने की बात नहीं है।

बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में जिला के उत्तरी क्षेत्र एवं पहाड़ी कैंचमैंट एरिया में अचानक अधिक वर्षा होने के कारण जिला में संभावित बाढ़ जैसी स्थिति हो सकती है। इस स्थिति से निपटने के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जिला में संभावित बाढ़ जैसी स्थिति पर दिन रात नजर रखने के लिए जिला सचिवालय में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष और हथिनीकुंड बैराज पर बाढ़ चेतावनी कक्ष समेत खंड स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story