Logo
election banner
AAP Workers And Leaders Protest: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ दिल्ली से लेकर हरियाणा तक प्रोटेस्ट कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।

AAP Protests in Haryana: दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में 21 मार्च को ईडी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। इसको लेकर आप के नेताओं कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। देशभर में आप के नेता और कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार सुशील गुप्ता ने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। सुशील गुप्ता ने कहा कि यह भाजपा का अघोषित आपातकाल है, वह सीएम केजरीवाल से डर गए हैं। केजरीवाल एक विचारधारा हैं, ये सीएम को एक व्यक्ति के तौर पर गिरफ्तार कर सकते हैं, लेकिन विचारधारा को कैसे गिरफ्तार करेंगे।

सीएम नायब सैनी के आवास का घेराव

सुशील गुप्ता ने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद ऐलान किया है कि आज कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सीएम नायब सैनी के आवास का घेराव करेंगे। इसकी जानकारी आप प्रत्याशी गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स दी है। उन्होंने लिखा कि AAP मुखिया और हरियाणा के लाल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंवद के गिरफ्तारी के खिलाफ प्रचंड विरोध प्रदर्शन होगा। सभी साथी सीएम आवास के घेराव के लिए कुरुक्षेत्र पहुंचे।

सीएम की गिरफ्तारी का कुरुक्षेत्र की सियासत पर पड़ेगा असर 

सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से अब सबके जेहन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर सुशील गुप्ता का ग्राफ बढ़ेगा या गिरेगा? दरअसल, अगर सीएम केजरीवाल को कोर्ट से जमानत नहीं मिलती है तो आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गैरमौजूदगी में पहला चुनाव होगा। ऐसे में देखना होगा कि उनके जेल में होने से लोकसभा चुनाव में पार्टी उतना बेहतर प्रदर्शन कर पाती है या नहीं। क्योंकि, इस बार प्रदेश में सिर्फ एक लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है और कांग्रेस से गठबंधन भी है। अब देखना होगा कि दोनों दलों के एक साथ आने पर कितना फायदा होता है।

5379487