रोहिग्याओं को नहीं मिलेगी शरण: दिल्ली पुलिस के बाद हरियाणा पुलिस का फैसला, गुरुग्राम और फरीदाबाद में चलेगा सर्च ऑपरेशन

Faridabad Police
X
प्रतीकात्मक तस्वीर
दिल्ली में रोहिग्याओं के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत इनके हरियाणा की सीमा में घुसने का अंदेशा जताया जा रहा है। ऐसे में हरियाणा पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है।

दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी रोहिंग्याओं के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है। इसके चलते हरियाणा पुलिस की मुश्किलें बढ़ी हैं। हरियाणा पुलिस का कहना है कि दिल्ली में रहने वाले रोहिंग्या बचने के लिए हरियाणा की सीमा में प्रवेश कर सकते हैं। ऐसे में हरियाणा पुलिस ने कड़ी निगरानी रखने का फैसला लिया है। फरीदाबाद पुलिस ने तो अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशियों और रोहिंग्या मुसलमानों को पकड़ने के लिए 25 टीमें बनाई हैं। साथ ही, सीआईडी को भी अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। उधर, गुरुग्राम पुलिस भी सतर्कता बरत रही है।

शरणार्थी के रूप में रह रहे रोहिंग्या

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में काफी संख्या में शरणार्थी के रूप में रोहिंग्या रह रहे हैं। इन लोगों को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा शरणार्थी का कार्ड दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में शरणार्थी के तौर पर कुल 147 रोहिंग्या रह रहे हैं, जिन्हें हर मूलभूत सुविधाएं दी जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शक है कि शहर में अवैध रूप से बांग्लादेश के नागरिक रह रहे होंगे, जिनसे देश की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अनजान खतरे को रोकने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए हर एक थाने से गठित एक-एक टीम अपने क्षेत्रों में अवैध रूप से रह रहे ऐसे लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

मुखबिर तंत्र को मजबूत कर रही पुलिस

फरीदाबाद में रह रहे बांग्लादेशियों की पहचान करने के लिए पुलिस मुखबिर तंत्र को मजबूत कर रही है, जिससे उन्हें जल्द जानकारी मिल सके और सीआईडी को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इसके लिए क्राइम की टीम को भी निर्देश दिया गया है कि वह इससे संबंधित स्थानों और क्षेत्रों में जाकर अच्छी तरह से जांच अभियान चलाएं।

दिल्ली से फरीदाबाद आ सकते हैं घुसपैठिये

जानकारी के अनुसार, पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली में सभी जगहों पर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और छापेमारी की जा रही है। इसे देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि वह लोग पुलिस से बचने के लिए दिल्ली से भागकर फरीदाबाद आ सकते हैं, जिसके लिए फरीदाबाद पहले से ही सतर्क है। पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस उपायुक्त को निर्देश दिया है कि इस विषय पर ध्यान देते हुए कड़ी निगरानी के साथ लगातार जांच अभियान चलाया जाए।

सीमावर्ती क्षेत्रों में की जा रही जांच

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शहर के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। दिल्ली के सीमावर्ती क्षेत्र में नाकेबंदी करके जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए सभी थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारियों और अपराध शाखा की टीमों को निर्देशित तक दिया गया है। इसके साथ ही फरीदाबाद में मौजूद होटल और धर्मशालाओं की भी जांच की जा रही है। उधर, हरियाणा के मेवात में भी रोहिग्याओं को शरण मिलने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में गुरुग्राम पुलिस भी सतर्कता बरत रही है।

ये भी पढ़ें: हरियाणा पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल: आलोक मित्तल बने ABC के ADGP, सौरभ सिंह संभालेंगे सीआईडी प्रमुख का कार्यभार

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story