हरियाणा के फरीदाबाद जिले की डबुआ कॉलोनी से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां आपसी रंजिश के चलते एक महिला ने अपनी ही दो जेठानियों (जो आपस में सगी बहनें भी हैं) पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस भीषण हमले में गंभीर रूप से झुलसी छोटी बहन सीमा ने रविवार सुबह जयपुर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि बड़ी बहन मीना की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पति की बाइक से चुराया था पेट्रोल
पुलिस जांच में इस हत्याकांड को लेकर बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी देवरानी पिंकी पिछले कई दिनों से इस वारदात की योजना बना रही थी। बताया जा रहा है कि उसने अपने पति वेदबीर की मोटरसाइकिल से बूंद-बूंद करके पेट्रोल चुराया और उसे इकट्ठा किया। वारदात वाले दिन वह इसी बाल्टी को एक बैग में छिपाकर अपनी दोनों जेठानियों के घर पहुंची थी।
सगी बहनों का मेल-जोल खटकता था आरोपी को
डबुआ कॉलोनी के इस परिवार में चार भाई हैं देवेंद्र पाल, देवेश, गजपाल सिंह और वेदबीर। सबसे बड़े भाई देवेंद्र की शादी मीना से हुई है, जबकि दूसरे नंबर के भाई देवेश की शादी मीना की छोटी बहन सीमा से हुई थी। दोनों सगी बहनें एक ही मकान में अलग-अलग मंजिलों पर रहती थीं और उनमें गहरा प्रेम था।
सबसे छोटे भाई वेदबीर की पत्नी पिंकी को इन दोनों बहनों का आपस में मिल-जुलकर रहना और सुख-दुख साझा करना पसंद नहीं था। इसी ईर्ष्या और रंजिश के चलते पिंकी अक्सर उनसे विवाद करती रहती थी।
चाय पिलाई और बदले में मिली आग
यह घटना 3 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे की है। मीना और सीमा ने उस दिन पिंकी का स्वागत किया और उसके लिए चाय-नाश्ता भी तैयार किया। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पिंकी के मन में क्या चल रहा है। जब दोनों बहनें घर की छत पर खड़ी होकर आपस में बातचीत कर रही थीं, तभी पिंकी वहां पहुंची। उसने अचानक पेट्रोल दोनों बहनों पर उड़ेल दिया और माचिस जलाकर उन्हें आग के हवाले कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे
आग की लपटों से घिरी दोनों बहनें चीखते हुए छत से नीचे की ओर भागीं। शोर सुनकर पड़ोसी और स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए और किसी तरह आग पर काबू पाया। झुलसी हुई हालत में दोनों को तुरंत नीलम बाटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ती देख उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल और फिर वहां से जयपुर के उच्च केंद्र में रेफर किया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक, सीमा 90 प्रतिशत तक जल चुकी थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं मीना 60 प्रतिशत तक झुलसी हुई है और अस्पताल में संघर्ष कर रही है।
आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर लिया
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी पिंकी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिंकी ने पेट्रोल कब और कैसे जमा किया और क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था।
मृतक सीमा के तीन बच्चे हैं और मीना के दो बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार ने आरोपी महिला के लिए सख्त से सख्त सजा की मांग की है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।










