haribhoomi hindi news
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि अगर सोमवार तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) नहीं खोला गया, तो मंगलवार को ईरान के पावर प्लांट और पुलों को तबाह कर दिया जाएगा।

Donald Trump Iran Threat: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की आहट अब और तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान को सीधी और बेहद सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा कि अगर तेहरान ने 'हॉर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) को तुरंत नहीं खोला, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाएगा।

ट्रंप का अल्टीमेटम: 'मंगलवार होगा पावर प्लांट और ब्रिज डे'
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने अंदाज में चेतावनी देते हुए लिखा, "ईरान में मंगलवार 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा। वहां ऐसा कुछ होगा जो पहले कभी नहीं देखा गया। इस रास्ते को खोल दो, वरना तुम नरक में रहने के लिए तैयार रहो।" ट्रंप की यह धमकी तब आई है जब ईरान पीछे हटने के कोई संकेत नहीं दे रहा है और पड़ोसी खाड़ी देशों के आर्थिक ठिकानों पर हमले कर रहा है।

Iran Power Plant Day
ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम: 'मंगलवार होगा तबाही का दिन'

48 घंटे का अल्टीमेटम
ट्रंप ने ईरान को याद दिलाया कि उनके द्वारा दी गई 10 दिनों की मोहलत अब खत्म होने वाली है। उन्होंने कहा कि समझौते या रास्ता खोलने के लिए अब केवल 48 घंटे बचे हैं, वरना भारी तबाही (All Hell) शुरू हो जाएगी। बता दें कि ट्रंप ने पहले 26 मार्च को 7 दिनों की मोहलत दी थी, जिसे बाद में ईरान के अनुरोध पर बढ़ाकर 10 दिन यानी 6 अप्रैल तक कर दिया गया था।

हॉर्मुज जलडमरूमध्य क्यों है इतना अहम?
हॉर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच एक संकरा लेकिन बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है। दुनिया के कुल तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। अगर यह रास्ता बंद होता है, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति ठप हो सकती है, जिससे पूरी दुनिया में हाहाकार मचने की आशंका है।

ईरान ने ठुकराया अमेरिका का प्रस्ताव
इससे पहले अमेरिका ने संघर्ष खत्म करने के लिए ईरान के सामने एक प्रस्ताव रखा था, लेकिन ईरान ने इसे 'एकतरफा और अन्यायपूर्ण' बताते हुए खारिज कर दिया है। ट्रंप ने पहले भी कई बार ऐसी धमकियां दी हैं और मध्यस्थों के कहने पर डेडलाइन बढ़ाई है, लेकिन इस बार उनके तेवर संकेत दे रहे हैं कि वे सैन्य कार्रवाई के मूड में हैं। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें 6 अप्रैल की समय सीमा पर टिकी हैं।

7