haribhoomi hindi news
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने दावा किया है कि ईरान में क्रैश हुए अपने F-15E फाइटर जेट के लापता पायलट को खोज लिया गया है।

तेहरान/वॉशिंगटन। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने दावा किया है कि ईरान में क्रैश हुए अपने F-15E फाइटर जेट के लापता पायलट को खोज लिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह रेस्क्यू ऑपरेशन भारी गोलीबारी के बीच चलाया गया, जो अभी भी जारी है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को ईरान ने अमेरिकी F-15E लड़ाकू विमान को मार गिराया था। इस घटना में एक पायलट पहले ही सुरक्षित मिल गया था, जबकि दूसरा पायलट लापता हो गया था। अब अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि लापता पायलट को ढूंढ लिया गया है, लेकिन उसे अभी पूरी तरह सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया जा सका है।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि बचाव दल ने जोखिम उठाते हुए पायलट तक पहुंच बनाई। हालांकि, पायलट को ईरान की सीमा से बाहर निकालना अभी बाकी है, जिसके चलते ऑपरेशन जारी है।

इधर, ईरान की ओर से भी पायलट की तलाश के लिए अभियान चलाया गया था। ईरानी सेना ने पायलट की जानकारी देने वाले को 60,000 डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस रेस्क्यू ऑपरेशन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने बेहद साहसी अभियान चलाकर अपने पायलट को खोज निकाला है। फिलहाल, पायलट की सुरक्षित वापसी का इंतजार किया जा रहा है और हालात पर दोनों देशों की नजर बनी हुई है।

7