उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहा प्यार, भरोसा और पवित्र रिश्ता महज एक साजिश की भेंट चढ़ गया। तीन साल पहले जिस घर में शहनाइयां गूंजी थीं और एक प्रेमी जोड़े ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, उसी घर में आज मातम पसरा है।
यह मामला केवल एक हत्या का नहीं है, बल्कि उस विश्वासघात का है जहा एक पत्नी ने अपने ही देवर के साथ मिलकर अपने सुहाग को रास्ते से हटा दिया। सोते समय की गई इस बेरहम हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस की तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि मृतक किसान की पत्नी का अपने ही सगे देवर के साथ काफी समय से अवैध संबंध चल रहा था। मृतक को अपनी पत्नी और भाई के बीच चल रहे इस अनैतिक रिश्ते की भनक लग गई थी, जिसका वह कड़ा विरोध करता था।
घर में आए दिन होने वाले कलेश और विरोध के कारण पत्नी ने अपने देवर के साथ मिलकर पति को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का मन बना लिया।
साजिश के तहत, जिस समय किसान गहरी नींद में सो रहा था, पत्नी और देवर ने मिलकर उस पर हमला बोल दिया। धारदार हथियार से उसके सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इसे अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई हत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की पैनी नजर और कड़ाई से की गई पूछताछ के सामने पत्नी टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बांदा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शक के आधार पर जब पत्नी और देवर से अलग-अलग पूछताछ की, तो उनके बयानों में विरोधाभास मिला।
सख्ती दिखाने पर दोनों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है और दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग रिश्तों की इस कदर हुई तौहीन पर चर्चा कर रहे हैं।









