इंदौर। एमआईसी सदस्य और वार्ड 64 के पार्षद मनीष शर्मा उर्फ मामा को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना उस समय सामने आई जब उनका एक पोस्टर के फटे होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने के बाद पोस्टर के अंदर से एक धमकी भरी चिट्ठी बरामद हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने पार्षद को सूचना दी थी कि तीन इमली चौराहे पर लगा उनका पोस्टर फटा हुआ है। जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे।
पोस्टर के अंदर मिली धमकी भरी चिट्ठी
उस समय ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन किसी को यह स्पष्ट नहीं था कि पोस्टर किसने और क्यों फाड़ा। जैसे ही पार्षद ने पोस्टर की जांच की, उसमें एक चिट्ठी छिपी हुई मिली। इस पत्र में उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कुछ संवेदनशील टिप्पणियां भी लिखी गई थीं, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद ने भंवरकुआं थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसीपी विजय चौधरी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पार्षद ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी कई बार उन्हें डराने की कोशिश की गई है।
पार्षद का सख्त रुख, पुलिस पर भरोसा
मनीष शर्मा ने कहा वे अपने सामाजिक और राजनीतिक कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी भी दबाव या धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरी चिट्ठी किसने और किस मकसद से भेजी है।










