Kishanganj News: बिहार के किशनगंज जिले में अपराध की एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के खिरदह समदा गांव के पास रविवार को मक्के के खेत में एक अज्ञात युवक का नग्न शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां खेत में फेंक दिया गया।
गला रेतकर उतारा मौत के घाट
स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर को खेत से गुजरते समय शव को देखा, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक की गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई है। मृतक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला काफी संदिग्ध और पेचीदा नजर आ रहा है।
शनाख्त के लिए पुलिस कर रही मशक्कत
पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल मृतक की शनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक की लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव के चेहरे और शरीर के अन्य निशानों के आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी नजदीकी थानों को मृतक की तस्वीर भेज दी गई है ताकि किसी गुमशुदगी की रिपोर्ट से इसका मिलान किया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों और समय का पता चल पाएगा। घटनास्थल सड़क मुख्य मार्ग से करीब 4 किलोमीटर दूर है, इसलिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि हत्यारों ने इसी जगह को क्यों चुना।
हत्यारों की तलाश में छापेमारी शुरू
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों की तलाश में जुट गई हैं। आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से खिरदह समदा गांव के लोग डरे हुए हैं।










