Darbhanga to Bengaluru Flight: दरभंगा और उत्तर बिहार के लोगों के लिए रविवार का दिन खुशियों भरा रहा। दरभंगा एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए बहुप्रतीक्षित सीधी विमान सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। अब मिथिलांचल के लोगों को बेंगलुरु जाने के लिए पटना या कोलकाता जैसे शहरों के चक्कर नहीं काटने होंगे। 'अकासा एयर' (Akasa Air) ने इस रूट पर अपनी नियमित उड़ानें शुरू कर दी हैं, जिससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
सातों दिन उड़ान भरेगा विमान
अकासा एयर की यह सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। फ्लाइट के शेड्यूल के अनुसार, विमान सुबह 9:40 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरेगा और दोपहर 12:15 बजे दरभंगा पहुंचेगा। वापसी में यही विमान दोपहर 12:50 बजे दरभंगा से टेक-ऑफ करेगा और दोपहर 3:30 बजे वापस बेंगलुरु लैंड करेगा। नियमित सेवा होने से यात्रियों को अपनी यात्रा प्लान करने में काफी आसानी होगी।
संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
इस मौके पर भाजपा विधायक संजय सरावगी ने क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इसे बिहार के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि 'उड़ान योजना' ने छोटे शहरों के सपनों को पंख दिए हैं। सरावगी ने कहा कि इस सेवा से बेंगलुरु में पढ़ने वाले छात्रों और वहां की आईटी कंपनियों में काम करने वाले बिहार के युवाओं को घर आने-जाने में बड़ी सुलभता होगी।
कारोबार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
लंबे समय से इस रूट पर विमान सेवा ठप रहने के कारण स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पहले स्पाइसजेट इस रूट पर सेवा देती थी, लेकिन अस्थिरता के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतें होती थीं। अब अकासा एयर की एंट्री से न केवल उत्तर बिहार के कारोबारियों को नया बाजार मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
तेजी से हो रही है टिकटों की बुकिंग
नई विमान सेवा शुरू होने की खबर के साथ ही विभिन्न ट्रेवल साइट्स पर टिकटों की बुकिंग तेजी से शुरू हो गई है। यात्रियों में इस सीधी सेवा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। दरभंगा एयरपोर्ट की बढ़ती कनेक्टिविटी से अब पूरे मिथिलांचल क्षेत्र का विकास और भी तेज होने की उम्मीद है।










