haribhoomi hindi news
YMCA फ्लाईओवर पर ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार करीब 8 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही।

दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने डिवाइडर को तोड़ते हुए विपरीत दिशा से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस में सीधी टक्कर मार दी। इस जबरदस्त भिड़ंत में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और करीब 7-8 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 2-3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

YMCA फ्लाईओवर पर मची चीख-पुकार 
यह हादसा दिल्ली-मथुरा नेशनल हाईवे स्थित YMCA फ्लाईओवर पर हुआ। सुबह लगभग 10 बजे हरियाणा रोडवेज की एक बस बल्लभगढ़ डिपो से सवारियां लेकर दिल्ली ISBT की ओर जा रही थी। जैसे ही बस फ्लाईओवर पर पहुंची, दूसरी लेन से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने अचानक डिवाइडर को पार किया और सीधे बस के अगले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे के परखच्चे उड़ गए और भीतर बैठी सवारियों में कोहराम मच गया।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू 
दुर्घटना की सूचना मिलते ही फरीदाबाद पुलिस और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की अगली सीटों पर बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद, सामान्य रूप से घायल यात्रियों को दूसरी बस के जरिए उनके गंतव्य (दिल्ली) के लिए रवाना कर दिया गया।

सवारियों का आरोप नशे में था ट्रक चालक 
बस में सफर कर रहे यात्रियों का दावा है कि ट्रक चालक नशे की हालत में था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ आ गया। यात्रियों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। हालांकि, फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि वह नशे में था या ट्रक में किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ।

हाईवे पर लगा लंबा जाम 
टक्कर के बाद बस बीच सड़क पर ही फंस गई, जिससे नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फरीदाबाद सेक्टर-8 थाना के एएसआई (ASI) वीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद हाईवे पर लगे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस ने युद्धस्तर पर काम किया। क्रेन के जरिए ट्रक और बस को सड़क के किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं और उसे हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल 2-3 यात्रियों को इलाज के बाद खतरे से बाहर बताया गया है।

(हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें। ) 

7