Yogasana Benefits: 30 की उम्र के बाद शरीर में कई बदलाव शुरू हो जाते हैं मेटाबॉलिज्म धीमा होने लगता है, वजन बढ़ने लगता है और एनर्जी लेवल भी पहले जैसा नहीं रहता। ऐसे में अगर समय रहते अपने रूटीन में कुछ हेल्दी आदतें शामिल न की जाएं, तो छोटी-छोटी समस्याएं बड़ी बीमारियों में बदल सकती हैं।
योग न सिर्फ शरीर को फिट रखता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी देता है। खास बात यह है कि इसे करने के लिए किसी महंगे उपकरण या जिम की जरूरत नहीं होती। आइए जानते हैं 5 ऐसे योगासन, जिन्हें 30 की उम्र के बाद अपने रूटीन में जरूर शामिल करना चाहिए।
30 के बाद 5 योगासनों का करें अभ्यास
ताड़ासन - शरीर को स्ट्रेच और बैलेंस देता है
ताड़ासन शरीर को सीधा और संतुलित रखने में मदद करता है। इसे करने से रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है और शरीर की पोश्चर सुधरती है। रोजाना इसे करने से थकान कम होती है और शरीर में लचीलापन आता है, जो 30 के बाद बेहद जरूरी है।
भुजंगासन - पीठ दर्द से राहत
भुजंगासन खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं। यह पीठ और कमर को मजबूत बनाता है और दर्द से राहत देता है। साथ ही, यह फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने में भी मदद करता है।
त्रिकोणासन - शरीर को लचीला बनाता है
यह योगासन शरीर के अलग-अलग हिस्सों को स्ट्रेच करता है, जिससे मांसपेशियां मजबूत और लचीली बनती हैं। इसे करने से पाचन तंत्र भी बेहतर होता है और पेट से जुड़ी समस्याएं कम होती हैं।
वज्रासन - पाचन के लिए सबसे अच्छा
खाने के बाद वज्रासन करने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। यह एकमात्र ऐसा आसन है जिसे खाने के बाद भी किया जा सकता है। इससे गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।
प्राणायाम - मानसिक शांति और फोकस बढ़ाए
प्राणायाम यानी सांसों का सही नियंत्रण। इसे करने से तनाव कम होता है, दिमाग शांत रहता है और फोकस बढ़ता है। 30 के बाद मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही जरूरी होता है, जितना शारीरिक फिटनेस।
योग करते समय ध्यान रखने वाली बातें
योग हमेशा खाली पेट या हल्के भोजन के बाद करें। शुरुआत में हल्के-हल्के अभ्यास करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं। अगर कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो डॉक्टर या योग विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
(Disc।aimer: इस आर्टिकल में दी गई सामग्री सिर्फ जानकारी के लिए है। हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी सलाह या सुझाव को अमल में लेने से पहले किसी डॉक्टर/विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।)
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
(लेखक:कीर्ति)










