haribhoomi hindi news
16 साल की उम्र से रामलीला में माता सीता का किरदार निभाती थी, लेकिन इस विवाद के बाद वो भी उनसे छीन लिया गया।

हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव की कमर छूने के मामले में फंसे भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह को हरियाणा राज्य महिला आयोग से क्लीन चिट मिल गई है। वीरवार (2 अप्रैल) को फरीदाबाद में हुई सुनवाई के दौरान आयोग ने पवन सिंह का नाम इस केस से हटा दिया है। आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने स्पष्ट किया कि पवन सिंह द्वारा माफी मांगे जाने के बाद अंजलि ने उन्हें माफ कर दिया है।

अंजलि राघव का पक्ष: 'पवन सिंह से नहीं, उनकी PR टीम से दिक्कत'
सुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में अंजलि राघव ने कहा कि उन्होंने कभी सीधे तौर पर पवन सिंह के खिलाफ शिकायत नहीं दी थी। अंजलि के अनुसार लखनऊ में एक शो के दौरान हुई घटना के बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर स्टोरी डालकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी, जिसे अंजलि ने स्वीकार कर लिया है। अंजलि ने आरोप लगाया कि पवन सिंह की पीआर टीम के कुछ सदस्य-संतोष सिंह यादव, आकाश और एक अन्य व्यक्ति-उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। मोबाइल नंबर और फोटो को आपत्तिजनक वेबसाइट्स पर डाला और सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गंदा प्रचार किया।

महिला आयोग का एक्शन: अब 3 लोगों पर कसेगा शिकंजा
राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि भले ही पवन सिंह का नाम हटा दिया गया है, लेकिन अंजलि को परेशान करने वाले अन्य तीन लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।अब इस मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को पंचकूला में होगी।आयोग ने उन तीन लोगों को नोटिस जारी कर अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है, जिन्होंने अंजलि के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

माता सीता का किरदार छिनने का दर्द
अंजलि ने ई-मेल के जरिए दी अपनी शिकायत में बताया था कि इस विवाद के कारण उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भारी ठेस पहुंची है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वह 16 साल की उम्र से रामलीला में माता सीता का किरदार निभाती आ रही थीं, लेकिन इस विवाद के बाद दिल्ली की रामलीला में उनसे यह किरदार छीन लिया गया।

साइबर पुलिस की सुस्ती पर सवाल
अंजलि ने शिकायत में यह भी जिक्र किया कि उन्होंने दिल्ली साइबर पुलिस में भी आपत्तिजनक कंटेंट हटाने की शिकायत दी थी, लेकिन वहां से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।अब महिला आयोग ने इस दिशा में सख्त कदम उठाने का भरोसा दिया है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7