Bhooth Bangla Release: अक्षय कुमार की अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वह एक बार फिर निर्देशक प्रियदर्शन की कॉमेडी फिल्म में वापसी कर रहे हैं जिसको लेकर फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट है। लेकिन अब इस फिल्म के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा क्योंकि मेकर्स ने फिर से इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया है।
पहले यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे 16 अप्रैल को रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि इस दिन फिल्म का पहला शो रात 9 बजे से शुरू होगा और इसे ‘पेड प्रीव्यू’ के तौर पर पेश किया जाएगा।
'मेकर्स बोले- धुरंधर 2 की सक्सेस के आगे...'
फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर ने 2 अप्रैल को एक आधिकारिक बयान जारी कर इस बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा- "अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स और एग्जीबिटर्स के साथ चर्चा के बाद, हमने 'भूत बंगला' की नई रिलीज़ डेट 16 अप्रैल तय की है, जिसका पहला शो रात 9 बजे शुरू होगा। 'धुरंधर: द रिवेंज' का शानदार प्रदर्शन हमारी फिल्म इंडस्ट्री के लिए उत्साहजनक खबर है और प्रदर्शकों का मानना है कि इस बदलाव से दोनों फिल्मों को वह स्थान, ध्यान और लोकप्रियता मिलेगी जिसकी वे हकदार हैं।"
धुरंधर 2 की रिकॉर्डतोड़ कमाई
धुरंधर: द रिवेंज इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर सब्जा जमाए हुए है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही करीब 145 करोड़ रुपये की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी। इसके बाद भारत में इसका कलेक्शन करीब 900 करोड़ है और वर्ल्डवाइड 1400 करोड़ के पार हो चुका है।
ये भी पढ़ें- Yash Ravan Look: 4 सेकंड के सीन में ही छा गए यश; ‘रामायण’ में रावण बनकर मचा दिया तहलका!
17 साल बाद फिर साथ आए अक्षय-प्रियदर्शन
भूत बंगला के जरिए अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी 17 साल बाद एक साथ लौट रही है। इससे पहले दोनों ने हेरा फेरी, भूल भुलैया, दे दना दन, भागम भाग और गरम मसाला जैसी सुपरहिट कॉमेडी फिल्में दी हैं, जो आज भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
दमदार स्टार कास्ट
इस फिल्म में वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव, मिथिला पालकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब यह फिल्म 16 अप्रैल को पेड प्रीव्यू के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि इसकी फुल रिलीज 17 अप्रैल 2026 से मानी जा रही है।









