फरीदाबाद में फटा सिलेंडर: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, मकान की पहली मंजिल पर सो रहे थे दादा-दादी और पोता

Cylinder Blast In Faridabad
X
फरीदाबाद में सिलेंडर बलास्ट।
फरीदाबाद जिले गुरुवार की देर रात एक घर में सिलेंडर फट गया। इस हादसे में परिवार के दादा-दादी और उनके 14 साल के पोते की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल बताए जा रहे है।

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में गुरुवार की देर रात बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इससे एक मकान की छत गिर गई और इसमें एक परिवार के दादा-दादी और उनके 14 साल के पोते की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल बताए जा रहे है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, ये सिलेंडर कैसे फटा। इसकी अभी जानकारी नहीं मिल सकी है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना भाकरी गांव की है। यहां 55 साल के बुजुर्ग सरजीत अपने घर के नीचे दुकान चलाते थे। उनका हार्डवेयर का सामान बेचने का काम है। गुरुवार की रात को सरजीत अपनी पत्नी बबीता और 14 साल के पोते कुणाल के साथ घर की पहली मंजिल पर सोने चले गए। इसी बीच सिलेंडर में से गैस लीक हो गई और उसमें ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट की वजह से रसोई की दीवार गिर गई। यह दीवार सरजीत के कमरे से सटी हुई थी। इससे उनके कमरे की छत भी गिर गई और तीनों मलबे में दब गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। वहीं सिलेंडर फटने की वजह से पड़ोस के घर दीवार भी गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जन्मदिन से पहले हुई मौत

बताया जा रहा है कि सरजीत के पोते कुणाल का शुक्रवार को जन्मदिन होना था। पूरा परिवार जन्मदिन की तैयारी में जुटा हुआ था। इससे पहले ही परिवार में इतना बड़ा हादसा हो गया और परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।

क्या बोली पुलिस

इस मामले में थाना डबवा एसएचओ रामनिवास ने बताया कि देर रात सिलेंडर फटने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तीनों की मौत हो चुकी थी। फिलहाल, तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story