Logo
election banner
Weather Updates today: दिल्ली-एनसीआर में अब सर्दी का दौर बीत चुका है। फरवरी में ही सूर्य देवता की तपन देखने को मिलने लगी है। इस दौरान मौसम उतार चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है।

Weather Updates today: देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जिसके चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक ये सिलसिला फरवरी के अंतिम दिन तक जारी रहने वाला है। फरवरी के बचे हुए कुछ दिनों में कभी तेज धूप तो कभी आसमान बादल और कभी हल्की फुहार देखने को मिलेगी। जिसके चलते मौसम के मिजाज का सही आकलन करना मुश्किल है। गौरतलब है कि कई बार ऐसा होता है कि मौसम विभाग ने बारिश की संभावना तो जताता है लेकिन बारिश नहीं होती है। मौसम विभाग की मानें तो एक के बाद एक पहाड़ों से आ रहे हल्के और तेज वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौसम के इस बदलाव की वजह हैं। 

अगले एक सप्ताह तक कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बीते दिन गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया। जोकि सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री रहा। दिन में तेज ठंडी हवाएं भी चली। हालांकि, दोपहर के समय लोगों को गर्मी का अहसास भी होने लगा था। आलम ये था कि ऑफिस में बैठे लोगों को पंखा भी चलाना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक रह सकता है।

इसके बाद 24 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक रहेगा। वहीं, 25 और 26 फरवरी को भी आसमान में बादल देखने को मिलेंगे। इसके अलावा 27 फरवरी को एक बार फिर से बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक रह सकता है। 28 फरवरी को एक बार फिर मौसम साफ हो जाएगा। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ रहेगा।   

फरवरी में होती है ज्यादा बारिश

मौसम विभाग की मानें तो सर्दियों की सबसे अधिक बारिश फरवरी में होती है। इस साल जनवरी शुष्क रही और फरवरी में दो बार ही बारिश हुई। अब पहाड़ों पर बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर राजधानी पर कम दिखाई देगा। क्योंकि यह सिस्टम कमजोर होंगे और पश्चिमी हिमालय तक सीमित रहेंगे। इसके चलते अब फरवरी के बचे हुए दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि, मार्च की शुरुआत में बारिश की संभावना है।

ये भी पढ़ें:- यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश, लखनऊ सहित कई इलाकों में छाया कोहरा, जानें मौसम का हाल


साफ हुई दिल्ली की हवा

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर दिल्ली की हवा पर देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में कि हवा बीते दिन यानी गुरुवार को साफ-सुथरी रही। गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआई 200 से नीचे दर्ज किया गया। यह इस साल का आठवां दिन रहा, जब हवा सांस लेने लायक मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई 150 रहा। इस स्तर की हवा को 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है। इससे पहले नौ फरवरी को एक्यूआई 145 यानी 'मध्यम' श्रेणी में रहा था।   

5379487