सुनीता केजरीवाल ने संभाली चुनावी कमान: पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में किया पहला रोड शो, BJP पर बोला जोरदार हमला

Sunita Kejriwal Road Show
X
सुनीता केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने आप के चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में वोट करने की अपील की है।

Sunita Kejriwal Road Show: आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान सुनीता केजरीवाल संभालने के लिए मैदान में उतर चुकी हैं। पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के कल्याणपुरी में रोड शो के साथ से आज यानी 27 अप्रैल इसका आगाज किया है। उन्होंने आज आप प्रत्याशी कुलदीप कुमार का चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ लोगों का हुजूम दिखाई दिया।

सुनीता केजरीवाल ने शुरू किया चुनाव प्रचार

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल रोड शो के लिए कल्याणपुरी पहुंचीं। उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के उम्मीदवार कुलदीप कुमार के पक्ष में वोट मांगे। सुनीता केजरीवाल ने इस दौरान बीजेपी पर भी जोरदार हमला बोला।

उन्होंने कहा कि आपके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक महीने से इन लोगों (बीजेपी) ने जेल में बंद किया हुआ है। अभी तक उन्हें (अरविंद केजरीवाल) दोषी नहीं माना, ये लोग बोल रहे हैं कि जांच चल रही है। अगर, जांच 10 साल चलेगी तो क्या दस साल तक जेल में ही रखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पहले कोई जेल जब जाता था, जब कोई अदालत उसे दोषी करार देती थी, लेकिन अब इन्होंने नया सिस्टम बनाया है। ये कहते हैं कि जब तक जांच चलेगी, हम जेल में रखेंगे। ये गुंडागर्दी और तानाशाही है।

केजरीवाल को खत्म करना चाहते हैं- सुनीता केजरीवाल

सुनीता केजरीवाल ने आगे कहा कि 22 साल से अरविंद जी को शुगर है और वह 12 साल से इंसुलिन ले रहे हैं। 50 यूनिट इंसुलिन वह रह रोज लेते थे। जेल में उनकी इंसुलिन बंद कर दी, क्या ये अरविंद केजरीवाल जी को खत्म करना चाहते हैं।

पंजाब, गुजरात और हरियाणा में भी करेंगीं प्रचार

बता दें कि इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को बताया था कि शनिवार को सुनीता केजरीवाल पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में रोड शो के साथ प्रचार की शुरुआत करेंगी। इसके बाद रविवार को वह पश्चिमी दिल्ली में रोड शो करेंगीं। वह दिल्ली के बाद पंजाब, गुजरात और हरियाणा में भी आप प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगीं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story