Logo
election banner
Sunita Kejriwal News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पत्नी सुनीता केजरीवाल के माध्यम से पार्टी के मंत्रियों और विधायकों को संदेश भेजा है। सीएम आवास पर आज बैठक में सुनीता केजरीवाल ने यह संदेश दिया है।

AAP Meeting: दिल्ली शराब घोटाले मामले में तिहाड़ जेल में बंद सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर बुधवार को लोकसभा चुनाव को लेकर अहम बैठक हुई। इस बैठक में सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान, संजय सिंह, गोपाल राय और सौरभ भारद्वाज समेत पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में सुनीता केजरीवाल ने आप के नेताओं को अरविंद केजरीवाल का संदेश दिया। उन्होंने दो संदेश पार्टी के मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के लिए भेजे हैं।

संदेश की गोपाल राय ने दी जानकारी

दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने सीएम केजरीवाल के संदेश के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मंगलवार को सुनीता केजरीवाल जेल में सीएम अरविंद केजरीवाल से मिलने गई थी। सुनीता केजरीवाल के माध्यम से उन्होंने जेल से संदेश भेजा है। इसके बाद बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ केजरीवाल के आवास पर बैठक हुई। इस बैठक में सुनीता केजरीवाल ने सीएम के संदेश साझा किया। गोपाल राय ने कहा कि केजरीवाल ने दो संदेश आप के नेताओं को दिया है।

केजरीवाल ने दिया ये संदेश 

पहले संदेश में सीएम ने अपने नेताओं से कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी दिल्ली की जनता को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सरकार और पार्टी को जनता की सेवा जारी रखनी है। सभी विधायक और पार्टी के कार्यकर्ता जनता के साथ जुड़कर उनके साथ मिलकर खड़े हों। ज्यादा से ज्यादा जनता की सेवा करें।

संविधान को बचाने का संदेश

इसके साथ ही दूसरे संदेश में केजरीवाल ने कहा कि जेल में हम हर तरह की बाधाओं और कष्टों को सहन करने के लिए तैयार हैं। लेकिन इस समय सबसे ज्यादा जरूरी है देश के संविधान को बचाना। क्योंकि, इस समय हमारे संविधान और लोकतंत्र के ऊपर खतरा है। इसलिए सीएम ने अपने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती पर देशभर में 'संविधान बचाओ-तानाशाही हटाओ' दिवस मनाने के लिए कहा है। इसके साथ ही आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि इस समय देश के संविधान को बचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए हम सभी यातनाएं सहने को तैयार हैं।

ये भी पढ़ें:-तिहाड़ जेल को यातना गृह बनाने की कोशिश का लगाया आरोप, कहा- किस जुर्म की दे रहे हो सजा

राय ने कहा कि दिल्ली-पंजाब समेत पूरे देश में आप के नेता और कार्यकर्ता 14 अप्रैल को इस मुहिम में हिस्सा लेंगे। इस देश में संविधान को बचाने के लिए और तानाशाही को खत्म करने के लिए हम साथ मिलकर लड़ेंगे। उनके इस संदेश के आधार पर पार्टी ने निर्णय लिया है। 14 अप्रैल को पूरे देश में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता संविधान बचाओ और तानाशाही दिवस के रूप में मनाएगी। आम आदमी पार्टी के विधायक सांसद और मंत्री सभी लोग पूरे देश के अंदर बाबा साहब की तस्वीर के सामने यह संकल्प लेंगे।

5379487