Sidhu Moosewala Murder Case: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने आज 12 मार्च गुरुवार को मूसेवाला हत्याकांड के आरोपी पवन बिश्नोई और जगतार सिंह को जमानत दे दी है। इस मामले को लेकर जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने सुनवाई की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली गई है।
जानकारी के मुताबिक, पवन बिश्नोई और जगतार सिंह पर साल 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगा है। पवन बिश्नोई और जगतार सिंह पर आरोप है कि इन्होंने शूटरों को बोलेरो गाड़ी उपलब्ध कराई थी। चार्जशीट में दोनों आरोपियों का संबंध बिश्नोई गैंग और गोल्डी बराड़ से कनेक्ट किया गया है।
बताया जा रहा है कि साल 2023 में पवन बिश्नोई और जगतार सिंह ने मनसा की स्थानीय अदालत में जमानत के लिए आवेदन दिया था, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। पवन बिश्नोई ने अपना पक्ष रखते हुए खुद को निर्दोष बताया था, उन्होंने कहा था कि पुलिस उन्हें गलत तरीके से फंसाने की साजिश रच रही है। हालांकि, सरकारी पक्ष ने इस मामले में जमानत का विरोध करते हुए इसे गंभीर अपराध बताया था।
गोली मारकर की थी हत्या
सिद्धू मूसेवाला की हत्या साल 2022 में 29 मई को हुई थी, हत्या के दौरान सिद्धू मूसेवाला गाड़ी में सवार होकर अपने घर से थोड़ी ही दूर निकले थे। उसी दौरान दूसरी गाड़ी में सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी थी और मौत हो गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली थी।
बिश्नोई गैंग ने कहा था कि उन्होंने अपने भाई विक्की मिड्डखेड़ा की हत्या का बदला ले लिया है। विक्की मिड्डखेड़ा की हत्या के बाद पुलिस जांच में सामने आया था कि जिन शूटर्स ने विक्की की हत्या की थी, उन्हें गायक सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर शगनप्रीत सिंह ने ठहरने के लिए जगह दी थी। इसके बाद से ही गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या करना चाहते थे।










