Logo
बलौदाबाजार जिले के गार्डन चौक स्थित अटल परिसर में शिलालेख तोड़ने की घटना सामने आई। CCTV फुटेज में योगेश दास मानिकपुरी उर्फ कचरू की करतूत कैद।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बड़े-बड़े अपराधियों पर कार्रवाई करने वाली पुलिस इन दिनों एक ऐसे 'मशहूर किरदार' से परेशान है, जिसका नाम कचरू है। शहर में आए दिन शराब पीकर हंगामा करने वाले कचरू ने इस बार ऐसा कारनामा कर दिया कि, पुलिस भी माथा पकड़कर बैठ गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला गार्डन चौक स्थित अटल परिसर का है, जहां लगे शिलालेख को किसी ने उखाड़कर जमीन पर पटक दिया और उसे तोड़ डाला। सुबह जब लोगों की नजर टूटी हुई पट्टिका पर पड़ी तो हड़कंप मच गया और सूचना पुलिस तक पहुंची।

खंगालनी गई CCTV फुटेज
सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अपने हाईटेक सर्विलांस सिस्टम का सहारा लिया और गार्डन चौक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज देखने के बाद पता चला कि, यह कोई संगठित गिरोह नहीं बल्कि शहर का ही 'पुराना परिचित' योगेश दास मानिकपुरी उर्फ कचरू है, जिसने रात के अंधेरे में शिलालेख को उखाड़कर जमीन पर पटक दिया।

शराब के नशे में करता रहता है उपद्रव 
बताया जा रहा है कि, कचरू शराब के नशे में अक्सर शहर में उपद्रव करता रहता है। कुछ दिन पहले ही उसका बीच सड़क पर बैठकर शराब पीने का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिस पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी। लेकिन लगता है कि कचरू की “badmashi” यहीं खत्म नहीं हुई और इस बार उसने अटल परिसर के शिलालेख को ही अपना निशाना बना लिया।

कचरू की मानसिक स्थिति है ख़राब 
पुलिस के मुताबिक, कचरू की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है और वह अत्यधिक शराब का आदी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। शहर में अब लोग भी मजाक में कहने लगे हैं कि बलौदाबाजार पुलिस जहां बड़े अपराधियों पर सख्ती दिखाती है, वहीं एक कचरू बार-बार उन्हें चुनौती देता नजर आ रहा है। अब देखना यह है कि, पुलिस कचरू को कब तक काबू कर पाती है या फिर वह अगला कारनामा करने की तैयारी में है।

5379487