Noida Factory Fire Case: नोएडा में आज 12 मार्च गुरुवार को सुबह इलेक्ट्रिक मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 240 कर्मचारी मौजूद थे, जिसमें 26 लोगों के घायल होने की सूचना है।
मामले के बारे में पता लगने पर फायर ब्रिगेड समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अब तक पूरी तरह से आग पर काबू नहीं पाया गया है, जिसके चलते घटनास्थल पर अब भी राहत कार्य जारी है।
जानकारी के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर 4 में स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड की इलेक्ट्रिक मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक से आग लग गई। हादसे के वक्त फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारिचों के बीच चीख-पुकार का माहौल हो गया। फैक्ट्री में भारी मात्रा में प्लास्टिक और दूसरे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
STORY | 26 injured as fire breaks out at electric meter factory in Noida
— Press Trust of India (@PTI_News) March 12, 2026
A fire broke out at an electric meter manufacturing factory in Sector 4 in Noida on Thursday morning, leaving 26 people injured, police said.
The injured were among nearly 240 workers who were trapped… pic.twitter.com/jACr2W8PoH
खिड़की तोड़कर कर्मचारियों को निकाला बाहर
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत मामले के बारे में पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस और लगभग 20 दमकल ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद फैक्ट्री की खिड़कियों को तोड़कर कर्मचारियों को बाहर निकाला गया, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस मनीषा सिंह के मुताबिक, 'इस घटना में 26 लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों का ICU में इलाज चल रहा है। कुछ को फ्रैक्चर हुआ है।" उन्होंने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालांकि आग लगने क सटीक कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है।









