Logo
Delhi Burari Rape Case: दिल्ली के बुराड़ी में एक ट्यूशन टीचर पिछले दो साल से 12वीं की तीन छात्राओं के साथ दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी तीनों छात्राओं को चुप न रहने पर परिवार को खत्म करने और उन्हें समाज में बदनाम करने की धमकी देता था।

Delhi Burari Rape Case: राजधानी दिल्ली के बुराड़ी से गुरु और शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आ रही है। यहां एक निजी संस्थान का ट्यूशन टीचर पिछले दो साल से तीन छात्राओं के साथ यौन शोषण कर रहा था। वह कक्षा 12वीं की छात्राओं को धमकी देता था कि वह उनके फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। साथ ही बच्चियों के परिवार के सदस्यों की हत्या करने की भी धमकी देता था। 

सोमवार को पीड़ित छात्राओं ने थाना में जाकर पूरी वारदात के बारे में बताया। पीड़ित छात्राओं का आरोप है कि आरोपी धीरज चौधरी ट्यूशन पढ़ाने के बहाने उनके साथ अश्लील हरकतें करता था। पीड़िताओं ने आगे बताया कि जब वह उसकी इन हरकतों का विरोध करतीं थीं तो वह उन्हें जान से मारने की धमकी देता और उनके साथ मारपीट करता था। पुलिस ने आरोप ट्यूशन टीचर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी धीरज चौधरी ने अक्टूबर साल 2024 में जन्मदिन के बहाने एक पार्टी रखी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान वह शराब के नशे में धुत हो गया और तीनों छात्राओं के साथ मारपीट की। क्योंकि उसे पता चल गया था कि छात्राएं अपने दोस्तों के साथ घूमने गई थी। इसके अलावा पीड़ित छात्राओं का आरोप है कि पिछले साल आरोपी धीरज ने अगस्त में कोचिंग सेंटर में दो लड़कियों को बुलाया और दुष्कर्म करने के बाद बेल्ट से मारपीट की। पीड़ित लड़कियों ने जब इसकी शिकायत अपने परिवार को दी तो आरोपी ने धमकी दी कि लड़कियों के अश्लील फोटो और वीडियो एआई से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

पीड़ित छात्रा का आरोप है कि आरोपी टीचर एक छात्रा के घर पहुंचा और उसने छात्रा की मां से तीनों छात्राओं के चरित्र पर सवाल उठाया। आरोपी तीनों छात्राओं को बदनाम करने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच एक छात्रा ने पूरी घटना का पूरे परिवार के सामने खुलासा कर दिया। इसके बाद आरोपी घबरा गया और पीड़ित परिवार के घर के दरवाजे को बाहर से बंद करके मौके से फरार हो गया। 

इसके बाद घर में मौजूद लोगों ने पड़ोसी की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया और फिर बाद में तीनों छात्राओं ने परिजनों को पूरी वारदात के बारे में विस्तार से बताया। पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस को शक है कि इस मामले में पीड़ित लड़कियों की संख्या और भी बढ़ सकती है।

5379487