Delhi Kidnapping Case: दिल्ली के रोहिणी इलाके से अपहरण का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान की 12 वर्षीय बेटी का अपहरण कर लिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल से घर लौटते वक्त उनकी बेटी अपनी आवासीय सोसाइटी के गेट के बाहर से अचानक से गायब हो गई, जिसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला रोहिणी सेक्टर-28 स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी का बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में बच्ची के परिजन ने बताया कि उनकी 12 साल की बेटी आज 12 मार्च गुरुवार को सुबर स्कूल गई थी। दोपहर के वक्त स्कूल से लौटते वक्त वह अपने सोसाइटी के गेट के पास तक पहुंची थी, लेकिन उसके बाद अचानक उसका कोई पता नहीं चला।
परिवार वालों का कहना है कि बच्ची काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी तो उन्हें फिक्र होने लगी। पहले परिजनों आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी। पड़ोसियों से पूछताछ की गई, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
CCTV फुटेज खंगालेगी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची को तलाशने के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके अलावा बच्ची की तलाश के लिए पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं, सभी को अलग-अलग एरिया में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीनियर पुलिस अधिकारी का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को आखिरी बार कहां और किस समय देखा गया था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।









