रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन में बतौर इंटेलिजेंस चीफ नियुक्त 1998 बैच के IPS अफसर अमित कुमार अब केंद्र सरकार को अपनी सेवाएं देंगे। भारत सरकार ने उन्हें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) पद के लिए इम्पैनल्ड कर लिया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, देशभर के 1998 बैच के कुल 30 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी पद के लिए पैनल में शामिल किया गया है। इनमें अमित कुमार का नाम भी शामिल है।
पहले भी केंद्र में निभा चुके हैं बड़ी जिम्मेदारी
IPS अमित कुमार वर्तमान में छत्तीसगढ़ के इंटेलिजेंस चीफ के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें जनवरी 2024 में राज्य सरकार ने यह जिम्मेदारी सौंपी थी। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद उन्हें राज्य की खुफिया व्यवस्था की कमान दी गई।
सीबीआई में बतौर संयुक्त निदेशक रह चुके हैं नियुक्त
इससे पहले अमित कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई Central Bureau of Investigation (CBI) में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। यहां उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (Anti-Corruption Wing) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली और कई अहम मामलों की निगरानी की। वे छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव-रायपुर के एसपी भी रह चुके हैं।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से हो चुके हैं सम्मानित
आईपीएस अमित कुमार को उत्कृष्ट सेवा के लिए जनवरी 2025 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। प्रशासनिक दक्षता और ईमानदार छवि के कारण वे राज्य के प्रभावशाली और भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं। केंद्र सरकार द्वारा एडीजी पद के लिए इम्पैनलमेंट मिलने के बाद अब भविष्य में उन्हें केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना और बढ़ गई है।









