Logo
election banner
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली में बीजेपी के सात सांसदों से 7 सवाल पूछे हैं। दिल्ली के सातों सांसद 10 साल में जनता के लिए किए गए कार्य का ब्यौरा दें।

Lok Sabha Election 2024: आप नेता और कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भाजपा के लोकसभा उम्मीदवारों द्वारा आगामी 100 दिनों के अपने कामों का लक्ष्य रखने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब-जब दिल्ली की जनता को भाजपा के सांसदों की जरूरत पड़ी, भाजपा के सातों सांसद हमेशा गायब नजर आए और अब भारतीय जनता पार्टी एक नया जुमला दिल्ली की जनता के सामने प्रस्तुत कर, दिल्ली की जनता को बेवकूफ बनाने की एक और कोशिश कर रही है।

सौरभ ने निशाना साधते हुए कहा कि यह बड़ा ही हास्यास्पद है, कि भाजपा ने दिल्ली की जनता के समक्ष यह बात तो रख दी की आने वाले चुनाव में यदि उनके सातों सांसद जीतते हैं, तो वह अगले 100 दिनों में दिल्ली और दिल्ली की जनता के लिए क्या काम करेंगे, परंतु यह नहीं बताया कि भाजपा के जिन सात सांसदों को दिल्ली की जनता पिछले 10 सालों से जिता कर लोकसभा में बिठा रखा था, उन्होंने दिल्ली की जनता के लिए पिछले 10 सालों में क्या-क्या काम किया।

सौरभ ने दिल्ली के 7 सांसदों से पूछे सात सवाल

सौरभ ने भाजपा से सात प्रश्न पूछे। उन्होंने पहला प्रश्न पूछा कि सन 2017-18 में भाजपा शासित नगर निगम द्वारा हजारों दुकानों, शोरूम और छोटे-छोटे व्यवसायों को सील किए थे, तब इन दुकानदारों की मदद के लिए भाजपा के सांसदों ने क्या किया। दूसरे सवाल में पूछा कि भाजपा शासित डीडीए, एलएनडीओ, रेलवे विभाग और एएसआई ने पिछले लगभग डेढ़ साल में लाखों लोगों को उनके घर तोड़कर घर से बेघर कर दिया गया। क्या भाजपा का कोई भी सांसद केंद्र सरकार के बुलडोजरों के सामने आकर विरोध के लिए खड़ा हुआ। वहीं, तीसरे सवाल में पूछा कि भाजपा के सातों सांसद बताएं कि पिछले 10 सालों में ट्रैफिक को सुधारने के लिए भाजपा ने क्या किया। चौथे सवाल में पूछा कि भाजपा के सातों सांसद बताएं कि पिछले 10 सालों में भाजपा ने दिल्ली में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए क्या किया। पांचवें सवाल में पूछा कि भाजपा के सातों सांसद बताएं कि कोरोना में जब दिल्ली की जनता को उनकी जरूरत थी सातों सांसद कहां गायब थे। छठे सवाल में पूछा कि भाजपा के सातों सांसद बताएं, कि क्या संसद में कभी एक बार भी उन्होंने दिल्ली वालों के लिए पानी की आपूर्ति को लेकर हरियाणा सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।

वहीं, सौरभ ने सातवें सवाल में पूछा कि बीते दिनों हरियाणा की ओर से मानसून के समय में बेहिसाब पानी हथिनी कुंड बैराज की ओर छोड़ दिया गया और पूरी दिल्ली को बाढ़ की चपेट में झोंक दिया गया। आईटीओ पर स्थित बैराज के पांच गेट जिनकी कई सालों से सफाई और मरम्मत नहीं हुई थी, जो की हरियाणा की भाजपा सरकार के अधीन ही आते थे, क्या भाजपा के सातों सांसदों में से किसी ने भी हरियाणा सरकार के इस गैर जिम्मेदाराना रवैये का विरोध किया।

सातों सांसद 10 साल में जनता के लिए कार्य का दें ब्यौरा

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से आम आदमी पार्टी का यह सवाल है, कि दिल्ली की जनता ने पिछले 10 सालों में दो बार भाजपा के सातों सांसदों को दिल्ली की सातों सीट से जिताकर संसद में भेजा, भाजपा के सांसद और भारतीय जनता पार्टी बताएं कि पिछले 10 सालों में उन्होंने दिल्ली की जनता के लिए क्या-क्या काम किया? उसके बाद दिल्ली की जनता से आने वाले चुनाव के लिए वोट मांगे।

5379487