ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच युद्ध के चलते भारत सरकार भी परेशान है। कारण यह है कि इस युद्ध की वजह से कालाबाजारी करने वाले एक्टिव हो चुके हैं। दिल्ली हो या देश के अन्य राज्य, एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत की खबर सुर्खियों में बनी है। केंद्र सरकार लगातार लोगों को भरोसा दे रही है कि एलपीजी का संकट नहीं है, फिर भी कालाबाजारी करने वालों ने ऐसे तरीके अपना रखे हैं, जिससे केंद्र के तमाम प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। ऐसे में केंद्र ने पहले से निर्देश जारी कर दिया था कि कालाबाजारी करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाए। इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में भी कालाबाजारी करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो चुका है।
दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी के अलग-अलग हिस्सों पर छापामारी करके 650 से ज्यादा गैस सिलेंडरों को जब्त किया है। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के जामिया नगर इलाके में एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले एक व्यक्ति को अरेस्ट किया है। उसके पास से 62 गैस सिलेंडर और एक मालवाहक वाहन बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी किसी भी प्रकार का लाइसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने बताया कि इस शख्स के पास से बरामद 62 गैस सिलेंडरों में से 48 भरे थे। पूछताछ से पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के मेरठ स सिलेंडर मंगवा रहा था और यहां बेच रहा था। उसने बताया कि एक दिन पहले भी उसने करीब 70 गैस सिलेंडर बेचे हैं। उसके साथियों की तलाश जारी है।
दिल्ली में 600 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त
इसके अलावा, पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापामारी की। शकरपुर, शाहदरा और रोहिणी के अलावा छह स्थानों पर छापामारी करके छह एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि मुंडका में गुरुजी इंडेन गैस सर्विस के नाम से चल रहे गोदाम से अलग-अलग कंपनियों के 610 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि यह गोदाम केवल इंडेन के कमर्शियल सिलेंडर बांटने के लिध अधिकृत था, लेकिन यहां से अलग-अलग तेज मार्केटिंग कंपनियों के कमर्शियल सिलेंडर बेचे जा रहे थे।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस संजीव कुमार यादव ने बताया कि बरामद 610 गैस सिलेंडरों में से 423 इंडेन के, 92 सिलेंडर भारत गैस और 95 सिलेंडर एचपी कंपनी के हैं। पुलिस ने बताया कि गोदाम का मालिक फरार चल रहा है। उसकी तलाश जारी है।
इसके अलावा दिल्ली के शकरपुर में 46 वर्षीय व्यक्ति को गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो घरेलू गैस सिलेंडर, तीन छोटे सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और वजन करने वाली मशीन बरामद हुई है। शाहदरा के गांधी नगर से 55 वर्षीय शख्स को भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के आरोप में गिरफ्तार किया है, वहीं धर्मपुरा में भी एक दुकान से घरेलू गैस सिलेंडर से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
डीसीपी संजीव कुमार ने बताया कि कालाबाजारी करने वाले वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील कालाबाजारी करने वालों की सूचना देने की अपील की ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों की स्थिति जल्द से जल्द सामान्य हो सके।









