Delhi Road Accident: दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक दिल दहला देने वाली सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने स्कूटर सवार एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में बस ने एक ई-रिक्शा को भी टक्कर दी और आसपास के कुछ अन्य लोगों को भी चोटें पहुंचीं। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग
हादसे के बाद स्थानीय लोग बेहद गुस्से में आ गए। उन्होंने बस पर तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया। भीड़ ने बस को घेर लिया और आग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह जलने लगी। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटी हुई है। इस दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Delhi | In Nangloi, a DTC bus crushed a youth riding a scooter, after which the youth died on the spot. Also, an e-rickshaw and some people were hit by the bus, after which the injured were admitted to the hospital. The local people set the bus on fire. The fire brigade team is…
— ANI (@ANI) March 9, 2026
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। इनमें ई-रिक्शा चालक और अन्य राहगीर शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत के बारे में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिली है, लेकिन वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बस ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर सवाल
यह हादसा दिल्ली की सड़कों पर बढ़ती लापरवाही और तेज रफ्तार वाहनों के खतरों को एक बार फिर उजागर करता है। स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसे दर्दनाक हादसे दोबारा न हों। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।










