Logo
election banner
Delhi Heritage Park: दिल्ली के लोगों के लिए जल्द ही हेरिटेज पार्क को खोल दिया जाएगा। एमसीडी ने एंट्री फीस की दरों को तय कर लिया है। वेस्ट टू वंडर पार्क में जो शुल्क है वहीं शुल्क यहां लगेगा।

Delhi Heritage Park: देश की राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए जल्द ही हेरिटेज पार्क को खोल दिया जाएगा। आचार संहिता लागू होने से पहले ही इसका उद्घाटन किया गया था। एंट्री फीस तय नहीं की गई थी, इसलिए अभी यह लोगों के लिए नहीं खुला था। निगम ने एंट्री की कीमत को तय कर दिया है। वेस्ट टू वंडर पार्क में जो शुल्क है, वहीं शुल्क यहां पर लगेगा। 

पार्क में कबाड़ से बनी प्रतिकृतिया 

इस पार्क में दिल्ली का लाल किला, मध्य प्रदेश का विष्णु मंदिर, अहमदाबाद का तीन दरवाजा, कर्नाटक का दुर्गा मंदिर, जयपुर का आमेर किला, पश्चिम बंगाल का शांति निकेतन, आगरा का किला, गुजरात का चंपनेर, बिहार का महाबोधी मंदिर समेत अन्य राज्यों के प्रमुख स्थानों की कबाड़ से बनी प्रतिकृतिया लगाई है। इसी प्रकार थ्री डी व्हील भी लगाए गए हैं।

हेरिटेज पार्क 5 चक्र और 20 कलाकृति

हेरिटेज पार्क में धर्म चक्र, कोर्णाक चक्र, हंपी चक्र और एनीसेंट व्हील चक्र है। इसमें कुल पांच चक्र और 20 कलाकृति हैं। पार्क में 22 हजार से ज्यादा सजावटी पौधे लगाए गए हैं ताकि लोग इनसे आकर्षित हो सके। निगम से मिली जानकारी के मुताबिक, साढ़े तीन करोड़ की लागत से यह पार्क तैयार हुआ है। सांसद मीनाक्षी लेखी ने इस पार्क के लिए अपने सांसद निधि से फंड उपलब्ध कराया था। 

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में कचरे से बने ये पार्क, पर्यटकों को कर रहा आकर्षित, आप भी जरूर जाएं

हेरिटेज पार्क में जाने के लिए एंट्री फीस 

दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब लोगों के पार्क में जाने के लिए एंट्री की फीस तय हो गई हैं। तीन साल तक के बच्चे के लिए एंट्री फ्री होगी, जबकि 3 से 12 साल के बच्चे के लिए 25 रुपये का शुल्क होगा। वहीं 12 से 65 साल के आयु वाले लोगों के लिए 50 रुपये का शुल्क लगेगा। 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए फ्री में एंट्री होगी। वीकेंड वाले दिन यहां पर एंट्री फीस के दाम दोगुने हो जाते हैं। 

पार्क साढ़े चार एकड़ भूमि पर बनाया गया 

अजमल खां पार्क में वाटिका में हेरीटेज पार्क वेस्ट टू आर्ट थीम पर तैयार किया गया है। इस पार्क में यूनेस्को की सूची में शामिल भारत की ऐतिहासिक इमारतों और स्थलों की प्रतिकृतियों को कबाड़ से बनाया गया है। इसमें 200 टन के करीब पुराने लोहे की टीन, साइकिल और कारों के पूर्जों को शामिल किया गया है। यह पार्क साढ़े चार एकड़ भूमि पर बना हुआ है। 

5379487