हरियाणा सीएम सैनी का पलटवार: 'दिल्ली मेरा परिवार, जहर कैसे भेज सकता हूं', CPCB जांच में केजरीवाल के आरोप बेबुनियाद

Kejriwal poison in water claim Haryana CM response
X
केजरीवाल के पानी में जहर के दावे पर हरियाणा के सीएम सैनी का पलटवार।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यमुना में जहरीले पानी का बयान पूरी तरह से आधारहीन और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को गुमराह करने का राजनीतिक हथकंडा है। 

Haryana CM Saini on Kejriwal allegations: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेजने का आरोप लगाया था। सैनी ने इस आरोप को न केवल निराधार बताया, बल्कि इसे चुनावी राजनीति का एक घिनौना कदम करार दिया।

'दिल्ली मेरा भी घर, मैं जहर क्यों भेजूंगा?'

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में उनका परिवार रहता है। 'दिल्ली में मेरा भी घर और परिवार है। मैं कैसे यमुना में जहर मिलाकर इसे दिल्ली भेज सकता हूं? यह सोचकर ही दुख होता है कि केजरीवाल इतने नीचे गिर सकते हैं।' सैनी ने जोर देकर कहा कि यमुना हरियाणा के लोगों के लिए एक पवित्र नदी है और इसे दूषित करने का सवाल ही नहीं उठता।

'केजरीवाल का झूठ और झूठ की दुकान'

सैनी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पिछले 10 सालों से झूठ की दुकान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को केजरीवाल ने हरियाणा पर जो आरोप लगाए, वह झूठ की पराकाष्ठा है। मुझे रात 12 बजे इस पर सफाई देनी पड़ी। सैनी ने केजरीवाल के इस बयान को चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया और इसे जनता को गुमराह करने की साजिश कहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की नाकामी छिपाने के लिए हरियाणा पर आरोप लगाए जा रहे हैं। दिल्ली के लोग आज भी गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, लेकिन इसके लिए केवल केजरीवाल सरकार जिम्मेदार है। दिल्ली सरकार ने वजीराबाद तालाब की सफाई या गंदे पानी के अवैध निर्वहन को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया।

'यमुना में कालिया नाग का जहर भगवान कृष्ण ने समाप्त किया'

हरियाणा के सीएम ने कहा कि हम हरियाणा की उस पवित्र भूमि से आते हैं, जहां भगवान कृष्ण ने मानवता को दिशा दी। यमुना में कालिया नाग का जहर भगवान कृष्ण ने समाप्त कर दिया था। यह हमारी पवित्र नदी है, जिसे दूषित करने का हम सोच भी नहीं सकते। मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी कहा कि यमुना नदी हरियाणा के लोगों के लिए एक पवित्र स्थान रखती है। यमुना को मां का दर्जा दिया गया है। इसकी पवित्रता बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। केजरीवाल का यमुना में जहर मिलाने का आरोप हमारी आस्था और मान्यताओं का अपमान है।

केजरीवाल पर सत्ता बचाने का आरोप

सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के डर से इस प्रकार के झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 5 फरवरी को होने वाले चुनावों में आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर हो जाएगी। दिल्ली के लोगों ने अपना मन बना लिया है। अब केजरीवाल की राजनीति का अंत निकट है।

पंजाब ने हरियाणा के पानी की आपूर्ति रोकी

सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार ने हरियाणा के किसानों के लिए पानी की आपूर्ति रोक दी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केजरीवाल ने वादा किया था कि वह यमुना को साफ करेंगे, लेकिन 10 साल के शासन में उन्होंने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब वह फिर से दिल्लीवासियों से पांच साल मांग रहे हैं।

'हरियाणा से दिल्ली को दिया जा रहा है साफ पानी'

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार दिल्ली को 1049 क्यूसेक पानी की सतत आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। यह पानी दो नहरों, कैरियर लाइन चैनल (CLC) और दिल्ली शाखा, के माध्यम से भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2014 में कैरियर लाइन चैनल के चालू होने के बाद से हरियाणा ने यमुना नदी या किसी नाले से पानी दिल्ली को नहीं भेजा।

'वजीराबाद प्लांट को अपग्रेड नहीं कर रही दिल्ली सरकार'

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की विफलताओं को उजागर करते हुए कहा कि वजीराबाद तालाब में अमोनिया नाइट्रोजन की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने 2021 में अपनी रिपोर्ट में बताया था कि आगरा के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 24 एमजी/एल तक अमोनिया वाले पानी को साफ करने की क्षमता है। इसके बावजूद दिल्ली सरकार ने वजीराबाद प्लांट को अपग्रेड करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

ये भी पढ़ें: नशे की राजधानी बन रही दिल्ली!: आचार संहिता के दौरान 24000 लोग गिरफ्तार, बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ बरामद, चुनाव आयोग सन्न

सीपीसीबी की जांच में क्या हुआ खुलासा?

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनवरी 2021 में सीपीसीबी ने यमुनानगर (हरियाणा) से वजीराबाद (दिल्ली) तक पानी की जांच की। इस जांच में पाया गया कि पल्ला और वजीराबाद के बीच गंदा पानी अवैध रूप से छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, वजीराबाद तालाब में तलछट जमा होने से अमोनिया नाइट्रोजन की मात्रा में वृद्धि हुई है। दिल्ली सरकार ने 2021 से लेकर अब तक इन समस्याओं को हल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

ये भी पढ़ें: मजबूत हो रहा 'आप का कुनबा': पूर्व डिप्टी स्पीकर अमरीश गौतम समेत कई कांग्रेस नेता AAP में शामिल, उदय गिल ने भी थामी झाड़ू

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story