Delhi Road Safety App: दिल्ली में सड़क हादसों को रोकने के लिए निर्माण कार्यों में सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन नई डिजिटल व्यवस्था लागू करने का प्लान बना रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि राजधानी की सड़कों पर खुदाई और गड्ढों से जुड़ी हर तरह की जानकारी केंद्रीकृत मोबाइल ऐप पर देनी होगी, इससे संबंधित विभागों को सूचना मिल सकेगी और सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सकेगी।
दिल्ली में बीते कुछ दिनों में सड़क हादसे सामने आए हैं, जिसमें लोगों की गड्ढे में गिरकर मौत हो गई थी। इसी वजह से प्रशासन ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्माण और खुदाई से जुड़ी गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने का फैसला लिया है।
जानकारी के मुताबिक, इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाली सरकारी और निजी एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे सड़क खोदाई से पहले उसकी जानकारी केंद्र सरकार के ‘कॉल बिफोर यू डिग’ (CBUD) ऐप पर करें। ताकि संबंधित विभाग समय रहते सुरक्षा उपाय कर सकें।
समय से पहले सुरक्षा इंतजाम हो सकेंगे
‘कॉल बिफोर यू डिग’ ऐप पर सूचना देने से लोक निर्माण विभाग, जल बोर्ड, नगर निगम समेत दूसरे विभागों को तुरंत अपडेट मिल सकेगा, समय से पहले जरूरी कदम भी उठाए जा सकेंगे। ताकि खुदाई के वक्त सड़क पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और दूसरी सुविधाएं समय पर की जा सके। वाहन चालकों और लोगों के खतरा भी कम हो जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि कई बार बिना परमिशन सड़क खुदाई शुरू कर दी जाती है, जिसकी वजह से सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है।










