Uttam Nagar Murder Case: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई एक युवक की हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या के बाद पुलिस और MCD दोनों ही फुल ऐक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। MCD ने हत्याकांड से जुड़े एक आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई घटना के बाद उठाए गए कदमों का हिस्सा है, जहां इलाके में तनाव और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले थे।
पूरा मामला 4 मार्च का है। इस दिन होली के दिन जेजे कॉलोनी में एक छोटी सी घटना से विवाद बढ़ गया। विवाद की शुरुआत पानी से भरे गुब्बारे को फेंक कर मारने से हुई थी। यह विवाद इतना बढ़ गया कि भीड़ ने एक तरुण नाम के युवक पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 20 से 25 लोगों ने लाठी और डंडों से युवक को बड़ी बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को परिजनों के द्वारा आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किए, थाने का घेराव किया और सड़कें जाम कीं। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपी से जुड़े घर पर तोड़फोड़ की और आग लगाने की कोशिश की। लोगों ने एनकाउंटर और बुलडोजर एक्शन की मांग की। पुलिस ने भारी बल तैनात किया, जिसमें RAF भी शामिल है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। पीड़ित परिवार ने CBI जांच की मांग की है।
प्रशासन के स्तर पर MCD ने आरोपी के एक मकान (जिसे अवैध अतिक्रमण या जुड़े मामले से जोड़ा गया) पर बुलडोजर एक्शन लिया है। यह कदम घटना से जुड़े आरोपियों पर दबाव बनाने और कानून का सख्ती से पालन दिखाने के रूप में देखा जा रहा है। कुल मिलाकर, पुलिस की जांच जारी है और अधिक गिरफ्तारियां होने की संभावना है।









